Dadri News : अधिकारी नहीं सुधरे तो आगे भी करेंगे आंदेालनः गीता पंडित
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 11:50 AM
Dadri: दादरी। विद्युत विभाग के अधिकारियों की चमड़ी इतनी मोटी हो गई है कि जब तक जनता बिजली कटौती के विरोध में सड़कों पर नहीं उतरती तब तक विद्युत विभाग के अधिकारियों की नींद नहीं खुलती। इसका ताजा उदाहरण है कल यानि रविवार (10 जुलाई) को दादरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती गीता पंडित का महिलाओं के साथ किया गया आंदोलन। दादरी के जीटी रोड स्थित गौड धर्मशाला के पास 100 केवीए का ट्रांसफार्मर फुक गया था। जिस वजह से मोहल्ला ब्रहमपुरी में बिजली सप्लाई ठप्प हो गयी थी। बिजली न होने से 300 परिवार पीने के पानी के लिए भी तरस गए थे। इस मोहल्ले में रहने वाले लोग लगातार ट्रांसफार्मर बदलने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों के सामने गुहार लगा रहे थे, लेकिन विभाग के अधिकारी टाल-मटोल कर रहे थे। विद्युत विभाग की इस लापरवाही से नाराज होकर महिलाओं को एकत्र कर खुद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता पंडित ने मोर्चा संभाला और सड़क पर उतर कर जीटी रोड पर जाम लगा दिया।
महिलाओं के प्रदर्शन के चलते जीटी रोड पर जाम हो गया और एक घंटे तक वाहन फंसे रहे। गीता पंडित के प्रदर्शन के बाद विद्युत विभाग हरकत में आया और आनन-फानन में ट्रांसफार्मर को बदलाया गया। पालिका अध्यक्ष गीता पंडित ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग के अधिकारी मनमानी पर उतारू हैं। दादरी में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। अधिकारी जनता की शिकायतों को नहीं सुनते। बिजली कटौती का कोई रोस्टर भी जारी नहीं किया गया है। दादरी में कभी भी बिजली की सप्लाई काट दी जाती है। हालात आए दिन बद से बदतर होते जा रहे हैं। उनका साफ आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने पर उसे जल्दी नहीं बदला जाता है। अधिकारियों के इस नकारेपन की वजह से सरकार की छवि भी खराब होती है।
उनका कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारी केवल आंदोलन की भाषा समझते हैं। इसीलिए उन्हें आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ा। जरूरत पड़ी तो आगे और भी बड़ा आंदोलन करेंगे। हमारे लिए जनता की समस्याएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। जब भी जनता को कोई कष्ट होगा और अधिकारी समाधान नहीं करेंगे तो हम आंदोलन जरूर करेंगे।