Dadri : दादरी । थाना दादरी क्षेत्र के अंतर्गत शिव नादर यूनिवर्सिटी के पास सरियों से भरा ट्रक और यूपी रोडवेज बस की भिड़ंत में बस में सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें दो को नवीन अस्पताल तथा तीन को दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सड़क हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गाडिय़ों को सड़क से हटवाया तब जाकर जाम खुला। थाना दादरी के सब इंस्पेक्टर वरुण पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिव नादर यूनिवर्सिटी के पास सरियों से भरा ट्रक रोडवेज की बस से टकरा गया। सड़क हादसा इतना भयंकर था, कि बस के परखच्चे उड़ गए। बस का ड्राइवर और कंडक्टर सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 2 को नवीन अस्पताल तथा 3 को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सब इंस्पेक्टर ने घायलों के नाम अशोक कुमार पुत्र वेद राज सिंह निवासी गढ़ी दादरी सरकारी अस्पताल तथा रविंद्र पुत्र मांगेराम निवासी सुनपुरा ,छोटेलाल पुत्र अनोखेलाल निवासी रामाला बुलंदशहर जो कि बस ड्राइवर है तथा बस के कंडक्टर सुधीर पुत्र बलबीर सिंह निवासी बिधूना जनपद औरैया बताया है। इसके अलावा श्रीमती सीबा पत्नी रफत अली निवासी सीलमपुर दिल्ली बताए हैं। पांचों का इलाज चल रहे हैं।
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन के माध्यम से दोनों वाहनों को सड़क से हटाया तब जाकर यातायात सुचारू हो पाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।