Dahi Label Row - अब 'दही पर रार', केंद्र सरकार पर हिंदी थोपने का इल्जाम
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 06:49 PM
Dahi Label Row - दक्षिण भारत के तमिलनाडु राज्य में दही पर विवाद खड़ा हो गया है। इसकी वजह है भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण का एक निर्देश, जो तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को हजम नहीं हुआ।
दरअसल दक्षिण भारत में दही को कर्ड (Curd) या तायिर के नाम से जाना जाता है और अभी तक वहां पर दही के जो पैकेट बेचे जाते थे, उन पर यही नाम अंकित किया जाता था। लेकिन अब भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने निर्देश जारी किया है कि दही के पैकेट पर कर्ड (Curd) या तायिर नहीं लिखा जाएगा, बल्कि उसके स्थान पर 'दही' ही लिखा जाएगा। परंतु तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (Tamilnadu CM M.K. Stalin) को यह बात रास नहीं आई और उन्होंने केंद्र सरकार पर हिंदी भाषा थोपने का इल्जाम लगा दिया।
Dahi Label Row -
केंद्र सरकार पर हिंदी थोपने का इल्जाम लगाते हुए स्टालिन ने लिखा कि -"हिंदी थोपने की बेशर्म जिद दही के एक पैकेट पर भी हिंदी में लेबल लगाने के लिए निर्देशित करने की हद तक आ गई है। हमारे अपने राज्यों में तमिल और कन्नड़ को हटा दिया गया है। हमारी मातृ भाषाओं की इस तरह की अवहेलना यह सुनिश्चित करेगी कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को दक्षिण भारत से हमेशा के लिए निर्वासित कर दिया जाए।"
विवाद के बाद FSSAI ने दी इस बात की इजाजत -
पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की तरफ से यह निर्देश जारी किया गया था कि दही के सभी पैकेटों पर दही ही लिखा जाएगा चाहे कर्नाटक हो या तमिलनाडु जिन राज्यों में दही को अलग-अलग नामों से बुलाया जाता है, वहां पर भी दही के पैकेटों पर दही ही लिखा जाएगा। लेकिन जब दक्षिण के राज्यों में इस पर आपत्ति जताई गई और तमिलनाडु के दुग्ध उत्पादन संघ आविन ने यह कहा कि वह अपने पैकेट पर दही के बजाय तमिल शब्द तायीर ही लिखेगा तब FSSAI ने नया निर्देश जारी करते हुए कहा कि -"दही के पैकेट पर क्षेत्रीय भाषा का इस्तेमाल करने की इजाजत है। दही को इन नामों से भी लेबल किया जा सकता है जैसे कर्ड (दही), कर्ड (मोसरू), कर्ड (जामुत दाउद), कर्ड (तायिर), कर्ड (पेरुगु)।