
Delhi Acid Attack: दिल्ली में 17 साल की स्कूली छात्रा पर तेजाब फेंकने के मामले में पुलिस ने सभी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि हमले के मकसद का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है। पश्चिमी दिल्ली में अपने घर से स्कूल के लिए निकलने के कुछ मिनट बाद छात्रा पर मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश ने तेजाब फेंक दिया था। सफदरजंग अस्पताल में किशोरी का इलाज किया जा रहा है।
सफदरजंग अस्पताल में एक चिकित्सक ने कहा कि पीड़िता का चेहरा सात-आठ प्रतिशत तक झुलस गया है और आंखें भी प्रभावित हुई हैं। उसे ICU में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर है। घटना को लेकर आक्रोश फैलने के बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना, महिला समूहों और अन्य लोगों ने प्रतिबंध के बावजूद बाजार में तेजाब उपलब्ध होने पर सवाल उठाया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया कि आरोपियों ने इतना साहस कैसे जुटाया होगा?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तेजाब फेंकने वालों के लिए कड़ी सजा की मांग की और कहा कि सरकार शहर के हर बच्चे के लिए चिंतित है। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने सवाल किया कि आरोपी ने इतनी हिम्मत कैसे जुटाई? आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। दिल्ली में हर बालिका की सुरक्षा हमारे लिए महत्वपूर्ण है।