Delhi Excise Policy: दिल्ली में नई एक्साइज नीति की सीबीआई जांच की एलजी ने की सिफारिश
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 08:56 AM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 08:56 AM
Delhi Excise Policy: दिल्ली में सस्ती शराब के दिन लदने वाले हैं। शराब के शौकीनों को अब जेब ढीली करनी पड़ सकती है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीएम अरविंद केजरीवाल की शराब नीति की सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने नई एक्साइज पॉलिसी पर मुख्य सचिव नरेश कुमार की रिपोर्ट के बाद ये एक्शन लिया है। इस रिपोर्ट में सीधे डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का नाम लिया गया है। कहा गया कि नई नीति के जरिए शराब लाइसेंसधारियों को फायदा पहुंचाया गया।
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ आरोप लगने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि मैं मनीष सिसोदिया को 22 साल से जानता हूं। वे बेहद ईमानदार और देशभक्त हैं। मनीष ने रात दिन मेहनत करके दिल्ली के स्कूलों को शानदार बनाया है। लोग ये समझ लें कि हमें जेल से डर नहीं लगता। तुम लोग सावरकर की औलाद हो, हम भगत सिंह की औलाद हैं। ये सोचने की बात है कि ये हाथ धोकर हमारे पीछे क्यों पड़े हैं। उन्होंने इसके तीन कारण गिनाए हैं। उनमें आम आदमी वाले कट्टर ईमानदार हैं, पूरे देश को ये भरोसा है। जब से पंजाब जीते हैं, पूरे देश का सपोर्ट मिल रहा है। हमें कोई रोक नहीं सकता। दिल्ली के कामों को रोकना चाहते हैं। दिल्ली की दुनियाभर में चर्चा है।
इस रिपोर्ट में डीएनसीटीडी अधिनियम 1991, व्यापार नियमों के लेनदेन (टीओबीआर) 1993, दिल्ली उत्पाद शुल्क अधिनियम 2009 और दिल्ली उत्पाद शुल्क नियम 2010 के उल्लंघन की बारे में लिखा था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शराब माफिया पर हुई इस मेहरबानी के चलते राजकोष को भारी नुकसान हुआ है।
एलजी ऑफिस के मुताबिक सिसोदिया की भूमिका जान-बूझकर की गई खामियों के चलते जांच के दायरे में है, जिसने 2021-22 के लिए शराब लाइसेंसधारकों के लिए टेंडर में 144 करोड़ का अवैध रूप से लाभ पहुंचाने का काम किया था। सिसोदिया ने फैसलों को अंजाम देकर आबकारी नीति के वैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन किया था। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद से मनीष सिसोदिया के पास 19 विभागों की जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि 2021 में कोविड महामारी के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मंत्रिमंडल ने आबकारी नीति जारी की थी। आरोप है कि यह कदम निजी शराब कारोबारियों को लाभ पहुंचाने उठाया गया था। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि इससे मिले पैसे को पंजाब चुनाव में इस्तेमाल किया गया।
इस आदेश के बाद आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की ख्याति देशभर में बढ़ रही है। यहां तक कि पंचायत चुनावों में भी, जिनसे केंद्र घबरा गया है। हमने पहले भी कहा था कि पंजाब जीतने के बाद कई जांचें की जाएंगी। हमें रोकने के लिए 2016 के हालात वापस लाए जाएंगे। सीबीआई, इंकम टैक्स, ईडी की जांच बैठाई जाएगी। सत्येंद्र जैन के बाद उन्होंने अब मनीष सिसोदिया को निशाना बना लिया है।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने एक दिन पहले ही अरविंद केजरीवाल को सिंगापुर जाने की परमिशन देने से इंकार कर दिया था। हालांकि, इसके बाद दिल्ली के सीएम ने कहा था कि मैं सिंगापुर जरूर जाऊंगा। इससे इन दोनों के बीच टकराव खुलकर सामने आ रहा है।