
Delhi News: नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई ने मंगलवार को यहां जनपथ रोड पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के आवास के निकट प्रदर्शन किया और पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ की गई ‘अपमानजनक’ टिप्पणी के लिए माफी की मांग की।
भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे गांधी के आवास की ओर बढ़ कर रहे थे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सचदेवा ने कहा कि खेड़ा के शब्द कांग्रेस के चरित्र को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि खेड़ा द्वारा इस्तेमाल किए गए अपमानजनक शब्द उनके और कांग्रेस के चरित्र को दिखाते हैं। उन्हें कांग्रेस से निकाला जाना चाहिए और सोनिया गांधी को उनके इस आचरण के लिए माफी मांगनी चाहिए।
खेड़ा ने हाल ही में गौतम अडाणी के नेतृत्व वाले व्यापारिक समूह से जुड़े विवाद को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री को ‘नरेन्द्र गौतमदास मोदी’ कहकर संबोधित किया था।
सत्तारूढ़ पार्टी ने उन पर प्रधानमंत्री और उनके दिवंगत पिता का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है।
मोदी का पूरा नाम नरेंद्र दामोदरदास मोदी है। दामोदरदास, मोदी के पिता थे। देश के कई हिस्सों में अपने साथ पिता का नाम भी लिखना एक आम प्रचलन है।
खेड़ा और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा नेता और कार्यकर्ता ली मेरिडियन होटल से 10 जनपथ स्थित सोनिया गांधी के आवास की ओर निकले थे। हालांकि, पुलिस ने अवरोधकों की मदद से कुछ ही दूरी पर उन्हें रोक दिया।
देश विदेश की खबरों से अपडेट रहने लिए चेतना मंच के साथ जुड़े रहें। देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।