विज्ञापन

Delhi News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने गुरु अन्ना हजारे से जुड़ी एक बड़ी बात कह दी है। उन्होंने कहा कि वह अपने गुरु अन्ना हजारे के चार थप्पड़ खाने को भी तैयार हैं, क्योंकि वे अपने गुरु का बहुत सम्मान करते हैं।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में ये बात कही है। उन्होंने कहा कि 12 साल पहले तक अरविंद केजरीवाल को कोई नहीं जानता था। अचानक इतना बड़ा आंदोलन हो गया और एक पार्टी बन गई। पार्टी सत्ता में आई और फिर दूसरे राज्य में भी सरकार बना ली। केजरीवाल ने कहा कि मैंने पिछले जन्म में कुछ पुण्य जरूर किए होंगे जो भगवान का इतना आशीर्वाद मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे जी का मैं बहुत सम्मान करता हूं। वो भोले आदमी हैं, बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। मगर पुरानी पार्टी मेरे खिलाफ उनके कान भरती रहती है। ऐसा कांग्रेस के जमाने से चल रहा हैं। पहले कांग्रेस ऐसा करती थी और अब भाजपा कर रही है। वो उल्टा सीधा बोलते हैं तो… वरना अन्ना जी बहुत अच्छे आदमी हैं। मैं उनकी इज्जत करता हूं। वो किसी दिन बुलाकर मुझे चार थप्पड़ भी मार देंगे तो ये भी मेरे सिर माथे पर।
मालूम हो कि आम आदमी पार्टी यूपीए-2 के दौरान में अन्ना हजारे के नेतृत्व में हुए विशाल आंदोलन की उपज है। यही समय था जब केजरीवाल की अगुवाई में कोई राजनीतिक दल बनाने का ऐलान किया गया है। हालांकि राजनीतिक दल के लिए अन्ना हजारे सहमत नजर नहीं आए। वो कभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आप से भी नहीं जुड़े। मगर हाल के दिनों में जब दिल्ली में शराब घोटाले से जुड़ी खबरों ने जोर पकड़ा तो अन्ना हजारे ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को एक पत्र लिखा।
विज्ञापन