विज्ञापन
National News: दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के ज़रिए उस जगह की तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजी थीं।

National News: पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की एक खतरनाक आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर एक मशहूर ढाबे और हरियाणा में एक मिलिट्री कैंप पर हमले की योजना थी।
यह प्लानिंग कथित तौर पर शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े गुर्गों के ज़रिए की जा रही थी।
पूछताछ में हुआ खुलासा
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 'गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0' के तहत कई राज्यों से इस मॉड्यूल के नौ कथित गुर्गों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ।
जांचकर्ताओं ने पाया कि आरोपियों में से एक ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के ज़रिए उस जगह की तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजी थीं।
सूत्रों के मुताबिक इस मॉड्यूल ने कथित तौर पर मंदिर पर तैनात पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाने, दहशत व व्यवधान पैदा करने के लिए गोलीबारी करने की योजना बनाई थी।
एक ढाबे पर ग्रेनेड हमले की प्लानिंग
आरोपियों को दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक मशहूर 'ढाबे' पर ग्रेनेड हमला करने का काम भी सौंपा गया था। इस ढाबे पर रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं। इस हमले का मकसद बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाना और लोगों की जान लेना था।
इसके अलावा हिसार में स्थित एक मिलिट्री कैंप की भी कथित तौर पर रेकी की गई थी। उस इलाके के वीडियो सीमा पार बैठे उनके आकाओं (हैंडलर्स) के साथ शेयर किए गए थे। उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी उनकी टारगेट लिस्ट में शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन