दिल्ली यूनिवर्सिटी जॉब फेयर 2025: स्टूडेंट्स के लिए फ्री एंट्री, जॉब और इंटर्नशिप के भरपूर मौके!
भारत
चेतना मंच
03 Oct 2025 11:49 AM
Delhi University Job Fair 2025: दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) के छात्रों के लिए एक शानदार अवसर आ रहा है। यूनिवर्सिटी 8 अक्टूबर 2025 को जॉब फेयर का आयोजन करने जा रही है। यह फेयर छात्रों को नौकरियों के साथ-साथ इंटर्नशिप के सुनहरे अवसर भी देगा। खास बात यह है कि रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से फ्री है और इसकी अंतिम तिथि 5 अक्टूबर 2025 तय की गई है।
दिल्ली विश्वविद्यालय में करियर का बड़ा मौका
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की सेंट्रल प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित होने वाला यह जॉब फेयर डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर के संरक्षण में होगा। यह कार्यक्रम दिल्ली विश्वविद्यालय के मल्टीपरपज हॉल, इंडोर स्टेडियम और गेट नंबर 2 पर आयोजित किया जाएगा। इसमें DU के अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, पीएचडी और हाल ही में पास-आउट हुए छात्र शामिल हो सकते हैं। हालांकि, दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) के छात्र इसमें भाग नहीं ले पाएंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस जॉब फेयर में वही छात्र हिस्सा ले सकते हैं जो वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय में अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट या पीएचडी कर रहे हैं। साथ ही, हाल ही में पास-आउट हुए छात्र भी इसमें आवेदन कर सकते हैं। यानी यह फेयर नए और पुराने दोनों छात्रों के लिए करियर बनाने का बेहतरीन मौका है।
कैसे करना होगा रजिस्ट्रेशन?
इच्छुक उम्मीदवारों को placement.du.ac.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके लिए गूगल फॉर्म लिंक उपलब्ध कराया गया है। रजिस्ट्रेशन के दौरान छात्रों को अपना नाम, ईमेल, मोबाइल नंबर, कोर्स, कॉलेज, यूनिवर्सिटी एनरोलमेंट नंबर, पासिंग ईयर, CGPA जैसी जानकारी भरनी होगी। इसके अलावा, उम्मीदवारों को अपना यूनिवर्सिटी आईडी कार्ड और रिज़्यूमे की पीडीएफ अपलोड करनी होगी।
प्लेसमेंट अपडेट्स और कंपनियों की जानकारी
कौन-कौन सी कंपनियां जॉब फेयर में शामिल होंगी और किन-किन प्रोफाइल्स पर भर्ती होगी, इसकी जानकारी नियमित रूप से placement.du.ac.in वेबसाइट पर अपडेट की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर वेबसाइट चेक करते रहें। साथ ही, किसी भी सवाल या दिक्कत के लिए placement@du.ac.in पर संपर्क किया जा सकता है।
NIRF रैंकिंग्स में DU कॉलेजों की सफलता
दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए यह खुशी का मौका ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में जारी NIRF India Rankings 2025 में DU के कई कॉलेजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। हिंदू कॉलेज ने लगातार दूसरी बार पहला स्थान हासिल किया, जबकि मिरांडा हाउस दूसरे स्थान पर रही। हंसराज कॉलेज और किरोड़ी मल कॉलेज ने पहली बार टॉप-5 में जगह बनाई है, जिससे DU की प्रतिष्ठा और भी बढ़ गई है।
RRB JE Recruitment 2025: 2570 पदों पर सुनहरा मौका, जानें आवेदन की पूरी डिटेल!