देवनारायण (Devnarayan) को गुर्जर समाज के लोग मानते हैं भगवानराजस्थान:- देवनारायण जी (Devnarayan Ji) राजस्थान के एक लोक देवता, शासक और महान योद्धा थे। इतिहास के अनुसार इनका शासनकाल आठवीं शताब्दी में बताया जाता है। इनका जन्म एक लोकप्रिय गुर्जर परिवार में हुआ था। एक पराक्रमी योद्धा के रूप में इन्होंने कई अत्याचारी शासकों से युद्ध कर असहाय लोगों के कष्टों को दूर किया है। इन्हें कई सिद्धियां भी प्राप्त थी। अपनी चमत्कारी शक्तियों के बल पर धीरे-धीरे ये देव तुल्य पूजे जाने लगे। राजस्थान में भगवान श्री देवनारायण की एक गौरक्षक, असहाय लोगों के कष्टों का निवारण करने वाले लोक देवता एवं पराक्रमी योद्धा के रूप में आराधना की जाती है। सिर्फ राजस्थान ही नहीं बल्कि अन्य कई राज्यों में भी विभिन्न समाज के श्रद्धालु इनकी अर्चना करते हैं। चूंकि ये गुर्जर समाज से ताल्लुक रखते हैं, ऐसे में गुर्जर समाज के लोगों की इनके प्रति असीम आस्था है।
श्री देवनारायण जयंती मनाने पीएम मोदी पहुंचे राजस्थान-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) शनिवार दोपहर राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मालासेरी पहुंचे, जहां वह लोक देवता भगवान श्री देवनारायण (Shree Devnarayan) के अवतार महोत्सव समारोह को संबोधित करेंगे। मोदी विशेष विमान से डबोक हवाई अड्डे (उदयपुर) पर उतरे, जहां से वह हेलीकॉप्टर से मालासेरी पहुंचे।
भगवान श्री देवनारायण के 1111वें अवतरण महोत्सव का यह कार्यक्रम मालासेरी डूंगरी गांव में आयोजित किया जा रहा है।
सरकारी बयान के अनुसार, “प्रधानमंत्री मोदी 28 जनवरी को राजस्थान के भीलवाड़ा में भगवान श्री देवनारायण जी के 1111वें अवतार महोत्सव समारोह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि होंगे। वह भगवान श्री देवनारायण के 1111वें अवतरण महोत्सव पर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, धर्मसभा को संबोधित करेंगे और पौधारोपण भी करेंगे।”
पीएम मोदी के राजस्थान पहुंचने से पहले सीएम अशोक गहलोत ने खेला बड़ा दांव -
गुर्जर समाज के भगवान श्री देवनारायण (Shree Devnarayan) की जयंती मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान पहुंचने से पहले, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Rajasthan CM Ashok Gehlot) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए देवनारायण की जयंती पर राजकीय अवकाश की घोषणा कर एक बड़ा दांव खेला है। चूंकि गुर्जर समाज के लोग देवनारायण को भगवान के रूप में पूजते हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा देवनारायण की जयंती को राजकीय अवकाश के रूप में घोषित करना, गुर्जर समाज के लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाने की ओर एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।
Shree Devnarayan Jayanti-
देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आमजन की आस्था और जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए सीएम के जरिए यह निर्णय लिया गया है इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सीएम अशोक गहलोत ने हमेशा गुर्जर और एमबीसी समुदाय की मांग पर सकारात्मक रुख रखा है। इसलिए उन्होंने देवनारायण भगवान के जन्मोत्सव पर, हमारे समाज के त्यौहार पर राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग को स्वीकृति देकर, समाज का मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।