6 राज्यों में फैला धर्मांतरण रैकेट: योगी सरकार के शिकंजे में आया 'कलीम नेटवर्क' का नया सरगना
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 12:41 AM
उत्तर प्रदेश पुलिस और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े धर्मांतरण रैकेट का खुलासा हुआ है, जिसका संचालन दिल्ली के मुस्तफाबाद से हो रहा था। इस रैकेट का सरगना अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्र पाल सिंह को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। अब्दुल रहमान के घर से हरियाणा के रोहतक की एक लापता युवती को भी बरामद किया गया है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट रोहतक थाने में दर्ज है।
असली नाम महेंद्र पाल, 1990 में हुआ था मतांतरित
पुलिस जांच में पता चला है कि अब्दुल रहमान का असली नाम महेंद्र पाल सिंह है, जो फिरोजाबाद के रजावली गांव का रहने वाला है। वह साल 1990 में मजदूरी करने दिल्ली गया था, वहीं उसने धर्म परिवर्तन किया और अब्दुल रहमान बन गया। इसके बाद वह एक संगठित गिरोह का हिस्सा बन गया, जो देशभर में अवैध तरीके से मतांतरण कराने का काम करता था।
गिरोह के तार कलीम सिद्दीकी नेटवर्क से जुड़े
एटीएस की जांच में यह बात सामने आई है कि अब्दुल रहमान वही नेटवर्क चला रहा था, जिसे पहले कलीम सिद्दीकी संचालित करता था। कलीम को 2021 में जेल भेजा गया था। अब्दुल रहमान ने यह नेटवर्क अपने नियंत्रण में लेकर धर्मांतरण की साजिश को आगे बढ़ाया। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि एक महिला एजेंट आयशा, विदेशों से फंड मंगवाने और ट्रांसफर करने का काम करती थी। वह अब्दुल के निर्देशों पर ही यह कार्य कर रही थी।
6 राज्यों में फैला था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, यह रैकेट उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, बंगाल और गोवा में सक्रिय था। गिरोह के सदस्यों को अलग-अलग भूमिकाएं सौंपी गई थीं — कोई युवतियों का ब्रेनवॉश करता था, कोई फंडिंग देखता था, कोई मोबाइल और सिम की व्यवस्था करता था, तो कोई ठहरने की जगह मुहैया कराता था। विदेशों से फंडिंग प्राप्त करने के लिए कनाडा, अमेरिका, लंदन और दुबई जैसे देशों से संपर्क बनाए गए थे।
हरियाणा की युवती को विदेश भेजने की थी तैयारी
गिरफ्तार किए गए अब्दुल रहमान के घर से हरियाणा की युवती की बरामदगी के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस को शक है कि युवती को मतांतरित कर निकाह कराकर विदेश भेजने की तैयारी चल रही थी। पुलिस अब इस दिशा में भी जांच कर रही है कि ऐसी कितनी और लड़कियां इस जाल में फंस चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश का ताजा समाचार:
योगी सरकार ने दी सख्त कार्रवाई के संकेत
आगरा में डीजीपी राजीव कृष्णा और पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने ऐसे धर्मांतरण गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य मॉड्यूल्स को भी चिन्हित कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। अब तक की जांच में पता चला है कि सैकड़ों हिंदू युवतियों को निशाना बनाकर मतांतरण कराया गया है, जिनमें से कई को निकाह कराकर विदेश भेजा गया।
अलीगढ़ में धर्मांतरण के संदिग्ध सुराग, जनवरी से लापता 97 महिलाएं जांच के दायरे में