
DMK MP : सनातन धर्म को लेकर I.N.D.I.A महागठबंधन की तरफ से लगातार विवादित टिप्पणी की जा रही है। I.N.D.I.A. महागठबंधन की सहयोगी पार्टी डीएमके नेता के एक और बयान से विवाद खड़ा हो गया है। इस बार डीएमके ने हिंदी राज्यों को लेकर विवादित टिप्पणी की है। जिसको लेकर बीजेपी ने महागठबंधन को घेरा है। हालांकि कांग्रेस ने इस विवादित बयान से अपने हाथ खड़े कर लिए हैं।
दरअसल, संसद के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन तमिलनाडु के धर्मपुरी लोकसभा सीट से डीएमके सांसद डीएनवी सेंथिलकुमार एस ने बीजेपी की जीत को लेकर निशाना साधा। सेंथिलकुमार ने कहा कि इस देश के लोगों को यह सोचना चाहिए कि बीजेपी की ताकत केवल हिंदी राज्यों में चुनाव जीतना है। जिन्हें हम आमतौर पर 'गौमूत्र' राज्य कहते हैं। डीएमके सांसद की इस टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। गौरतलब है कि लोकसभा की कार्यवाही से सेंथिलकुमार का बयान अब हटा दिया गया है।
डीएमके सांसद सेंथिलकुमार सिर्फ यहीं नहीं रुके। डीएमके सांसद ने कहा कि आप (बीजेपी) दक्षिण भारत में नहीं आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आप देखेंगे कि तमिलनाडु, केरला, तेलंगाना और कर्नाटक में क्या हुआ। हम वहां बहुत मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि हमे आश्चर्य नहीं होगा यदि आप इन सभी राज्यों केंद्रशासित प्रदेश बनाकर अप्रत्यक्ष रूप से सत्ता में आ जाएं।
डीएमके सांसद के विवादित बयान का बीजेपी ने जोरदार विरोध किया। बीजेपी नेता सीटी रवि ने कहा कि क्या इंडिया अलायंस के नेता राहुल गांधी डीएमके सांसद के बयान से खुश हैं। जिन्होंने हिंदी राज्यों के भारतीयों का अपमान किया है। कांग्रेस और इसके सहयोगी भारतीयों का कब तक अपमान करते रहेंगे? बीजेपी राज्यसभा सदस्य जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि ये हेट स्पीच का एक दूसरा उदाहरण है। गोमूत्र और गोमाता की पूजा न सिर्फ उत्तर भारत में होती है बल्कि दक्षिण भारत में भी इनकी मान्यता है। यदि ये लोग भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अपमान करते रहेंगे तो उत्तर भारत तो छोड़िए, दक्षिण भारत से भी इनका निशान मिट जाएगा।
वहीं डीएमके सांसद के बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यह सनातनी परंपरा का बहुत बड़ा निरादर है। उन्होंने कहा कि सनातनी परंपरा और सनातनियों का इस तरह का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा। केंद्रीय मंत्री लेखी ने कहा कि चाहे DMK हो या कोई भी, जो देश की आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा उसे जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।
हिन्दी राज्यों में हार की चोट खायी कांग्रेस के लिए डीएमके सांसद डीएनवी सेंथिलकुमार ने और भी मुश्किलें खड़ी कर दी है। और पार्टी के लिए जवाब नहीं बन रहा है। कांग्रेस ने सेंथिलकुमार के बयान को तत्काल खारिज किया और कहा कि ये उनकी निजी राय है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि संसद के अंदर एक व्यक्ति क्या कह रहा है, इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। यह उनका अपना बयान है। हम 'गौ माता' का सम्मान करते हैं। हमें इस पर कुछ नहीं कहना है। अधीर रंजन के अलावा मिलिंद देवड़ा और कार्ति चिदंबरम ने भी डीएमके सांसद के बयान की आलोचना की।