Agra : आगरा। ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’ यह मशहूर कहावत तो आपने सुनी ही होगी। यह कहावत आगरा के फतेहपुर सीकरी इलाके में चरितार्थ हुई है। वहां एक पति-पत्नी गले में रस्सी का फंदा लगाकर पेड़ से लटक गए। इसमें पति की मौत हो गई, लेकिन रस्सी टूटने से पत्नी बच गई। फिलहाल महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जिस शहर में मोहब्बत की सबसे खूबसूरत धरोहर हो, वहां आपसी कलह में जान देने वालों की भी कमी नहीं है। मामला घरेलू कलह से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जाता है कि पति-पत्नी की आपस में बनती नहीं थी, जिसके चलते दोनों ने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला किया।
आगरा से करीब 50 किलोमीटर दूर फतेहपुर सीकरी इलाके के गिलोय गांव में एक पति-पत्नी रहा करते थे। दोनों की आपस में पटती नहीं थी। छोटी-छोटी बात पर दोनांे के बीच लड़ाई होती रहती थी। आखिर, दोनों ने अपने प्राण देने का फैसला किया। इस फैसले पर अमल के लिए दोनों खेत में गए। वहां दोनों ने गले में रस्सी का फंदा लगाया और पेड़ से झूल गए। इसमें पति की तो मौत हो गई, लेकिन रस्सी टूटने से पत्नी बच गई।
जानकारी के मुताबिक, 54 साल का किसान मान सिंह उर्फ कलुआ और उसकी 50 वर्षीय पत्नी संता देवी ने अपने घर से करीब 300 मीटर दूर खेत में पेड़ की डाल से रस्सी बांधी। फिर उसका फंदा बनाकर दोनों आत्महत्या करने की नीयत से झूल गए। पति तो फंदे से लटका रह गया, जबकि भारी वजन होने के कारण पत्नी के गले में लगी रस्सी टूट गई और वह नीचे गिर गई।
बदहवास हालत में वह खेत से घर की तरफ जा ही रही थी कि तभी उसे रास्ते में दो पुलिसकर्मी मिल गए। पुलिसकर्मियों ने संता देवी के गले से रस्सी खोली और एंबुलेंस को फोन कर दिया। महिला ने पुलिस वालों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिसकर्मी फौरन उस पेड़ के पास पहुंचे। उन्होंने फंदे से लटके मान सिंह को पेड़ से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।