आज निगम घाट पर होगा डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार, इन मार्गों पर भारी ट्रैफिक की संभावना
Dr. Manmohan Singh
भारत
RP Raghuvanshi
28 Dec 2024 03:55 PM
भारत
RP Raghuvanshi
28 Dec 2024 03:55 PM
Dr. Manmohan Singh : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज दिल्ली के निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। जिसमें विभिन्न देशों के गणमान्य व्यक्ति, वीआईपी, वीवीआईपी और आम जनता उपस्थित रहेंगी। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बता दें कि, डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज सुबह 11:45 बजे होगा।
इन क्षेत्रों में हो सकती है भारी ट्रैफिक
डॉ. मनमोहन सिंह के राजकीय अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है जिसके कारण कुछ रास्तों पर ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए कई सड़कों पर डायवर्जन लागू किए गए हैं। राजा राम कोहली मार्ग, राजघाट रेड लाइट, सिग्नेचर ब्रिज, युधिष्ठिर सेतु में भारी ट्रैफिक हो सकता है। इसलिए सुबह 7:00 बजे से लेकर दोपहर 3:00 बजे तक यातायात पर प्रतिबंध और दिशा-निर्देश लागू रहेंगे। प्रभावित मार्गों में रिंग रोड (महात्मा गांधी मार्ग), निषाद राज मार्ग, बुलेवार्ड रोड, एसपीएम मार्ग, लोथियन रोड और नेताजी सुभाष मार्ग शामिल हैं।
आम जनता के लिए निर्देश
अंतिम संस्कार जुलूस से संबंधित उपरोक्त सड़कों और क्षेत्रों से बचें।
यदि आप पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, लाल किला, चांदनी चौक या तीस हजारी कोर्ट की यात्रा कर रहे हैं, तो पहले से योजना बनाएं और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय का प्रावधान रखें।
सड़क पर भीड़भाड़ कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
यातायात प्रवाह बनाए रखने के लिए वाहनों को केवल निर्दिष्ट क्षेत्रों में ही पार्क करें।
अवरोध से बचने के लिए सड़क किनारे पार्किंग करने से बचें।
किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर दिल्ली के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा गया है। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार रात एम्स से यहां लाया गया था और आज इसे अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां खास लोग और आम लोग भी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।
दी जाएगी 21 तोपों की सलामी
डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर को भारत के राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) में लपेटा जाएगा और 21 तोपों की सलामी दी जाएगी, जो कि सर्वोच्च राजकीय सम्मान का प्रतीक मानी जाती है।
प्रधानमंत्री को दी जाएगी श्रद्धांजलि
केंद्र सरकार ने आज के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी जाएगी। भारत में पूर्व प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट और अन्य विशेष स्मारक स्थलों पर किया जाता है, जैसे कि जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का अंतिम संस्कार भी यहीं हुआ था। Dr. Manmohan Singh