नोएडा(चेतना मंच)। समाजवाद के प्रखर प्रणेता डॉ राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि सेक्टर 12 स्थित समाजवादी पार्टी नोएडा ग्रामीण कार्यालय पर मनाई गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने सपा नेताओं के साथ डॉ लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने कहा कि लोहिया ही थे जो राजनीति की गंदी गली में भी शुद्ध आचरण की बात करते थे। वे एक मात्र ऐसे राजनेता थे जिन्होंने अपनी पार्टी की सरकार से खुलेआम त्यागपत्र की मांग की क्योंकि उस सरकार के शासन में आंदोलनकारियों पर गोली चलाई गई थी।
इस अवसर पर जिला महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि लोहिया सरकारी कामकाज में हिंदी भाषा के प्रयोग के प्रबल हिमायती थे। लोहिया जी कहते थे कि विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका में अंग्रेजी का प्रयोग आम जनता की प्रजातंत्र में शत प्रतिशत भागीदारी के रास्ते में रोड़ा है। इस अवसर पर सत्ते नेता, दिनेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष देवेंद्र गुर्जर, उपाध्यक्ष बब्लू चौहान, सुरेन्द्र गौतम,बिरैनदर यादव, नरेन्द्र शर्मा, मनोज गोयल, रणधीर चौधरी,सैयद आफाक, टीटू यादव, अंकित यादव सहित तमाम सपा नेता मौजूद रहे।