ED: ईडी ने नौकरी के बदले जमीन मामले में लालू यादव को भेजा समन
ED
भारत
RP Raghuvanshi
18 Mar 2025 03:37 PM
भारत
RP Raghuvanshi
18 Mar 2025 03:37 PM
ED: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की कानूनी परेशानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय(Ed) ने नौकरी के बदले जमीन घोटाले से जुड़े मामले में लालू यादव को समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है। 76 वर्षीय लालू यादव को 19 मार्च को पटना स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने को कहा गया है।
परिवार के अन्य सदस्यों को भी नोटिस
ईडी ने इस मामले में लालू प्रसाद यादव के परिवार के अन्य सदस्यों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। जिनमें उनके दोनों बेटे— तेज प्रताप यादव और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव शामिल हैं। इसके अलावा, लालू यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनकी बेटियां मीसा भारती और हेमा यादव के नाम भी इस जांच से जुड़े हैं।
ईडी के समक्ष पेश होने की संभावना कम
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के अन्य सदस्य ईडी के समक्ष पेश होने की संभावना कम है। इससे पहले, ईडी ने पिछले साल दिल्ली की अदालत में इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें लालू यादव सहित उनके परिवार के कई सदस्यों को आरोपी बनाया गया था।
दिल्ली की अदालत से भी समन जारी
नौकरी के बदले जमीन घोटाले के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने भी तेजस्वी यादव को समन जारी किया है। अदालत ने तेजस्वी यादव को 11 मार्च को पेश होने को कहा गया है। इस मामले में ईडी द्वारा धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) की जांच जारी है, जिसमें लालू यादव और उनके दोनों बेटों को पहले ही जमानत मिल चुकी है।
क्या है नौकरी के बदले जमीन घोटाला?
यह मामला लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान का है, जब कथित रूप से रेलवे में नौकरी दिलाने के बदले में कुछ लोगों से जमीन ली गई थी। इस मामले में सीबीआई और ईडी दोनों की जांच जारी है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि लालू यादव और उनके परिवार ने इस दौरान कई लोगों को नौकरी देने के एवज में उनकी जमीनें अपने नाम करवाईं। ED