
संसद में ऑनलाइन गेमिंग बिल पारित होने के महज एक दिन बाद ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कर्नाटक कांग्रेस के विधायक के. सी. वीरेंद्र के ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की। इस दौरान जांच एजेंसी ने उनके घर से करीब 12 करोड़ रुपये नकद और लगभग 6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। ईडी ने चितदुर्गा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र और उनके सहयोगियों के खिलाफ ऑनलाइन व ऑफलाइन सट्टेबाजी रैकेट से जुड़े आरोपों में मामला दर्ज किया था। इसी कड़ी में देशभर के 31 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। Hindi India News
जांच एजेंसी ने गंगटोक, चितदुर्गा, बेंगलुरु, हुबली, जोधपुर, मुंबई और गोवा में कार्रवाई की। गोवा में तो पांच बड़े कैसिनो—पप्पी’स कैसिनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसिनो, पप्पी’स कैसिनो प्राइड, ओशन 7 कैसिनो और बिग डैडी कैसिनो—पर भी एक साथ दबिश दी गई।
ईडी की ताज़ा जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सामने आया कि कांग्रेस विधायक से जुड़े नेटवर्क ने न सिर्फ़ King567 और Raja567 जैसी ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स खड़ी की थीं, बल्कि पूरा कारोबार दुबई से भी ऑपरेट हो रहा था। विधायक के भाई के. सी. थिप्पेस्वामी वहां से डायमंड सॉफ्टटेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज जैसी कंपनियां चला रहे हैं, जो कॉल सेंटर और गेमिंग धंधे से जुड़ी हैं। यही नहीं, परिवार के अन्य सदस्य—के. सी. नागराज और उनका बेटा पृथ्वी एन. राज—भी इस अवैध जाल का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
छापेमारी में ईडी को 12 करोड़ रुपये नकद (जिसमें 1 करोड़ रुपये विदेशी मुद्रा भी शामिल है), करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-हीरे के जेवरात, 10 किलो चांदी और चार लग्जरी गाड़ियां मिलीं। साथ ही 17 बैंक खाते और दो लॉकर फ्रीज कर दिए गए। एजेंसी के हाथ कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी लगे हैं, जिनसे यह खुलासा हुआ कि अवैध कमाई को ‘लेयरिंग’ के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की जा रही थी। Hindi India News