बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत अररिया जिले में मतदान जारी है। इसी बीच फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार सुबह चुनावी माहौल में तनाव देखने को मिला। फारबिसगंज कॉलेज चौक के पास कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा प्रत्याशी विद्या सागर केसरी मतदान केंद्रों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी गाड़ी पर पार्टी का झंडा लगा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई, तो भाजपा प्रत्याशी ने भी कांग्रेस उम्मीदवार मनोज विश्वास की गाड़ी पर लगे झंडे पर ऐतराज जताया। इसी बात को लेकर दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए और माहौल गरम हो गया।
बता दे कि देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता जुट गए। दोनों पक्षों में नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख कांग्रेस समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी विद्या सागर केसरी को वहां से खदेड़ दिया। सूचना मिलते ही फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मुकेश कुमार साहा पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया।
फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि मौके पर मामूली कहासुनी हुई थी, कोई बड़ी भिड़ंत नहीं हुई। भिड़ंत नहीं हुई थी, केवल कहासुनी की घटना हुई है। दो गाड़ियों को सीज किया गया है। स्थिति फिलहाल शांतिपूर्ण है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।