हिमांशु भाऊ की हथेली पर Elvish की जिंदगी! इंटरनेट पर ली बड़ी जिम्मेदारी
भारत
चेतना मंच
18 Aug 2025 11:10 AM
दिल्ली के पास गुरुग्राम में रविवार को यूट्यूबर एल्विश यादव (Elvish Yadav) के घर फायरिंग की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस हमले की जिम्मेदारी हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और उसके साथी नीरज फरीदपुरिया ने सोशल मीडिया पर खुलकर ली है। बताया जा रहा है कि हिमांशु भाऊ इस वक्त अमेरिका में रह रहा है जहां से अपने गुर्गों के माध्यम से भारत में वारदातें करवा रहा है। Elvish Yadav News
कई परिवार हुए तबाह
हिमांशु भाऊ और उसके साथी ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस गोलीबारी की वजह बताते हुए लिखा है कि एल्विश यादव ने सट्टे का प्रचार कर कई परिवारों को तबाह किया है, इसलिए इसे सबक सिखाने के लिए यह हमला किया गया। पोस्ट में साफ चेतावनी भी दी गई है कि अगर कोई सोशल मीडिया पर सट्टे का प्रचार करेगा तो उसे किसी भी वक्त फोन या गोली मिल सकती है। यह पहली बार नहीं है जब हिमांशु भाऊ गैंग ने ऐसी वारदातों की जिम्मेदारी ली हो। पिछले कुछ वर्षों में उनके गिरोह का नाम दिल्ली और हरियाणा में कई बड़ी वारदातों से जुड़ा रहा है। ये गैंगस्टर अक्सर वारदात के बाद मौके पर अपने नाम के पर्चे छोड़ देते हैं ताकि साफ हो सके कि यह हमला उनके इशारे पर हुआ है।
गैंगस्टर हिमांशु भाऊ की क्राइम कुंडली
हिमांशु भाऊ ने महज 22 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रखा। वह हरियाणा के रोहतक जिले के रतौली गांव का रहने वाला है और पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उस पर करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का कट्टर विरोधी माना जाता है। साल 2022 में हिमांशु ने मात्र 24 घंटे के भीतर तीन हत्याएं कर पूरे हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में दहशत फैला दी थी। इसके बाद वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भाग गया। उसकी आखिरी लोकेशन पुर्तगाल में ट्रेस की गई थी, लेकिन विदेश में रहते हुए भी उसने भारत में अपना मजबूत नेटवर्क बनाए रखा और अपराध जारी रखा।
इंटरपोल ने भी जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस
हिमांशु भाऊ का गैंग प्रॉपर्टी कारोबारियों, शराब के धंधेबाजों और सट्टेबाजों को निशाना बनाता है। हरियाणा पुलिस ने उस पर ढाई लाख रुपए और दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। साथ ही इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। 2024 में हरियाणा के मुरथल में एक जघन्य हत्याकांड के मामले में भी हिमांशु गैंग का नाम सामने आया था। मुरथल के गुलशन ढाबा पर शराब कारोबारी सुंदर मलिक को दो हमलावरों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस वारदात की जिम्मेदारी भी भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर ली थी। बताया गया कि सुंदर मलिक नीतू डाबोडिया गैंग से जुड़ा था और इसी वजह से उसकी हत्या करवाई गई।
अमेरिका से चला रहा है गिरोह
सूत्र बताते हैं कि हिमांशु भाऊ फिलहाल अमेरिका में बैठा है और वहीं से अपने गिरोह को ऑपरेट कर रहा है। हरियाणा के काला खर्मपुर, नीरज फरीदपुर और सौरभ गिडोली उसके करीबी साथी माने जाते हैं।
हिमांशु भाऊ सोशल मीडिया के जरिए नए लड़कों को अपनी आपराधिक गतिविधियों में शामिल करता है, जिनमें अक्सर नाबालिग लड़कों का इस्तेमाल भी होता है। ये लड़के उसके इशारे पर वारदातों को अंजाम देते हैं। हरियाणा के गोहाना में हलवाई मातूराम की दुकान पर हुई फायरिंग और करोड़ों की रंगदारी वसूली के मामले ने भी भाऊ गैंग को पहली बार सुर्खियों में लाया था। Elvish Yadav News