
PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर सख्त तेवर अपनाते हुए पाकिस्तान और आतंकवाद को स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने दो टूक कहा कि भारत अब उन्हें कतई बख्शने वाला नहीं है, जो उसके नागरिकों का खून बहाते हैं। पीएम मोदी के अनुसार, हाल ही में किए गए ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को यह साफ दिखा दिया है कि भारत की नीति अब सिर्फ जवाबी कार्रवाई नहीं, बल्कि निर्णायक कार्रवाई है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत अब वह देश नहीं रहा जो सिर्फ सहता है। हमने 22 मिनट के भीतर दुश्मन को झुका दिया। यह देश की सैन्य शक्ति, रणनीतिक सोच और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।” उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब आतंकवाद के खिलाफ भारत की सैन्य कार्रवाई को वैश्विक स्तर पर सराहना मिल रही है। यह बयान उन्होंने मंगलवार को दिल्ली में श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के बीच ऐतिहासिक संवाद की शताब्दी समारोह के दौरान दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कामयाबी को भारत की आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि आज का भारत अब अपनी सुरक्षा के लिए विदेशों की तरफ देखने का मोहताज नहीं है। "हमारी सेनाओं ने 'मेड इन इंडिया' हथियारों के दम पर मात्र 22 मिनट में दुश्मन को परास्त कर दिया। यह न केवल हमारी तकनीकी प्रगति का प्रमाण है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की भी सशक्त घोषणा है।
प्रधानमंत्री ने समाज सुधारक श्री नारायण गुरु के योगदान को याद करते हुए कहा, “जब भी मैं वंचितों और शोषितों के हित में कोई बड़ा निर्णय लेता हूं, मैं गुरुदेव को याद करता हूं। उनके सिद्धांत आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार महिला सशक्तिकरण को सिर्फ नारा नहीं, नीति बना चुकी है। “हमने उन क्षेत्रों में महिलाओं की एंट्री सुनिश्चित की, जहां आज़ादी के बाद भी पाबंदियां थीं। अब महिलाएं कोर्ट से लेकर अंतरिक्ष तक अपनी ताकत दिखा रही हैं।”
पीएम मोदी ने कहा कि 100 वर्ष पहले श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के बीच हुआ ऐतिहासिक संवाद आज भी उतना ही प्रेरणास्पद और सामयिक है। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और समावेशी विकास के लिए ऊर्जा का स्रोत बताया। भारत की यही खासियत है — जब भी देश संकट में होता है, कोई न कोई महापुरुष समाज को नई दिशा देता है। यह परिसर आज ऐसे ही एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बन रहा है जिसने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को नई दृष्टि दी। PM Modi