EPFO ने किए ये 5 बड़े बदलाव, अब पीएफ सदस्यों को होगी आसानी
EPFO
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:38 PM
EPFO : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 2025 में अपने सदस्यों के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं, जिनका उद्देश्य सेवाओं को अधिक सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है। इन परिवर्तनों से लगभग 7 करोड़ सक्रिय सदस्य लाभान्वित होंगे। ईपीएफओ ने अपने सदस्यों को सुविधा देने के लिए जिन पांच चीजों को आसान बनाया है वो निम्नलिखित हैं।
1. प्रोफाइल अपडेट करना हुआ आसान
अब EPFO सदस्यों के लिए अपनी प्रोफाइल जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, लिंग, राष्ट्रीयता, माता-पिता का नाम, वैवाहिक स्थिति, जीवनसाथी का नाम और नौकरी शुरू करने की तारीख को आॅनलाइन अपडेट करना बेहद सरल हो गया है। यदि आपका यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) आधार से लिंक है, तो इन जानकारियों को बिना किसी दस्तावेज के अपडेट किया जा सकता है। हालांकि, यदि आपका UAN 1 अक्टूबर 2017 से पहले जारी हुआ था, तो कुछ मामलों में नियोक्ता की मंजूरी आवश्यक हो सकती है।
2. PF ट्रांसफर प्रक्रिया हुई सरल
नौकरी बदलने पर पीएफ खाते को नए नियोक्ता के साथ ट्रांसफर करना अब पहले की तुलना में अधिक आसान हो गया है। EPFO ने प्रक्रिया को सरल बनाते हुए अधिकांश मामलों में नियोक्ता की मंजूरी की आवश्यकता को समाप्त कर दिया है, जिससे PF ट्रांसफर तेज और परेशानी मुक्त हो गया है।
3. संयुक्त घोषणा (जॉइंट डिक्लेरेशन) प्रक्रिया में सुधार
EPFO ने संयुक्त घोषणा प्रक्रिया को डिजिटल बना दिया है। अब सदस्य और नियोक्ता दोनों आॅनलाइन माध्यम से संयुक्त घोषणा फॉर्म जमा कर सकते हैं, जिससे प्रोफाइल में सुधार या संशोधन करना अधिक सुविधाजनक हो गया है।
4. केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली (CPPS) की शुरुआत
EPFO ने जनवरी 2025 से केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली (CPPS) लागू की है। इस प्रणाली के तहत, पेंशन भुगतान अब नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन आॅफ इंडिया (NPCI) के माध्यम से सीधे किसी भी बैंक खाते में भेजे जाएंगे, जिससे पेंशनभोगियों को समय पर और निर्बाध पेंशन प्राप्त होगी।
5. उच्च वेतन पर पेंशन के लिए प्रक्रिया स्पष्ट
जो कर्मचारी अपने उच्च वेतन पर पेंशन प्राप्त करना चाहते हैं, उनके लिए EPFO ने प्रक्रिया को स्पष्ट और तेज कर दिया है। अब ऐसे कर्मचारियों को अतिरिक्त अंशदान देकर उच्च पेंशन का लाभ प्राप्त करने की सुविधा दी गई है, और EPFO इन आवेदनों की तेजी से समीक्षा कर रहा है। इन परिवर्तनों के माध्यम से ईपीएफओ ने अपने सदस्यों के लिए सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।