
Exclusive Noida News: नोएडा। बिहार से भगाकर लाई गई एक युवती को खोजने के लिए नोएडा आई बिहार पुलिस को खाली हाथ वापस भागना पड़ा। बिहार पुलिस की टीम को युवती को भगाकर लाने वाले युवक के मददगारों ने जबरन वापस भगाया।
मिली जानकारी के मुताबिक नोएडा के सेक्टर-8 की एक फैक्ट्री में काम करने वाला मनीश कुमार नामक युवक बिहार के भागलपुर जिले के गोसाईपुर गांव का रहने वाला है। आरोप है कि वह अपने गांव की एक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लाया। युवती के घर वालों ने बिहार के भागलपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
छानबीन के दौरान बिहार पुलिस को पता चला कि युवती को भगाकर ले जाने वाला युवक इन दिनों नोएडा की बगल में स्थित खोड़ा कालोनी में छिपा हुआ है। इस सूचना पर बिहार पुलिस खोड़ा कालोनी पहुंची। आरोप है कि वहां छुपे हुए युवती को भगाकर लाने वाले युवक ने कुछ महिलाओं को बिहार पुलिस के आगे खड़ा कर दिया। उन महिलाओं ने चिल्ला-चिल्लाकर भीड़ एकत्र कर ली। भारी भीड़ देखकर बिहार पुलिस वापस भाग गई।
बिहार पुलिस की छापेमारी तथा वापस भाग जाने की घटना से स्थानीय पुलिस पूरी तरह से अनभिज्ञ है। स्थानीय पुलिस अफसरों का कहना है कि बिहार पुलिस ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है। जो लोग खोड़ा में छापा मारने आए थे वे पुलिस वाले थे अथवा नहीं इस बात का भी स्थानीय पुलिस को कुछ पता नहीं है। यह घटना खोड़ा कालोनी से लेकर बिहार तक चर्चा का विषय बनी हुई है।