कांचीपुरम बना भारत का 'एक्स्ट्रा मैरिटल कैपिटल', दिल्ली दूसरे नंबर पर
Extramarital Affair
भारत
चेतना मंच
24 Jul 2025 07:58 PM
Extramarital Affair : भारत में विवाह के बाद रिश्तों में दरार और विवाहेतर संबंधों (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स) को लेकर एक नई रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया है। आमतौर पर माना जाता है कि महानगरों जैसे दिल्ली या मुंबई में इस तरह के मामलों की संख्या सबसे अधिक होती है, लेकिन इस साल की रिपोर्ट ने इन धारणाओं को पूरी तरह बदल दिया है।
कांचीपुरम शहर विवाहेतर संबंधों के मामले में रहा अव्वल
एक डेटिंग प्लेटफॉर्म द्वारा जारी 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु का कांचीपुरम शहर इस बार विवाहेतर संबंधों के मामले में देश में पहले स्थान पर आ गया है। 2024 में यह शहर इस सूची में 17वें स्थान पर था, लेकिन इस साल यहां सबसे अधिक यूजर्स ने एक्स्ट्रा मैरिटल प्लेटफॉर्म पर खुद को रजिस्टर किया।
दिल्ली दूसरे स्थान पर खिसका
दिल्ली, जो पहले इस सूची में ऊपर था, इस बार दूसरे स्थान पर खिसक गया है, जबकि मुंबई पूरी तरह टॉप-20 की लिस्ट से बाहर हो गया है। खास बात यह भी है कि दिल्ली के 9 अलग-अलग इलाकों को इस रिपोर्ट में शामिल किया गया है, जो इस ट्रेंड की गंभीरता को दर्शाता है। दिल्ली और मुंबई को पीछे छोड़ते हुए कांचीपुरम का नंबर वन पायदान पर पहुंचना बड़ी बात है।
रिपोर्ट में टॉप-20 शहरों की सूची इस प्रकार है:
-कांचीपुरम (तमिलनाडु)
-सेंट्रल दिल्ली
-गुरुग्राम
-गौतमबुद्धनगर
-साउथ वेस्ट दिल्ली
-देहरादून
-ईस्ट दिल्ली
-पुणे
-बेंगलुरु
-साउथ दिल्ली
-चंडीगढ़
-लखनऊ
-कोलकाता
-वेस्ट दिल्ली
-कामरूप (असम)
-नॉर्थ वेस्ट दिल्ली
-रायगढ़
-हैदराबाद
-गाजियाबाद
-जयपुर
क्या कहता है भारतीय कानून?
वर्ष 2018 में भारत के सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 497 को असंवैधानिक घोषित कर दिया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि दो व्यस्क आपसी सहमति से किसी रिश्ते में हैं, तो वह अपराध की श्रेणी में नहीं आता, हालांकि यह तलाक का आधार जरूर बन सकता है।
विशेषज्ञों की राय क्या है?
रिपोर्ट जारी करने वाले प्लेटफॉर्म के चीफ स्ट्रैटेजी आॅफिसर पॉल कीएबल का कहना है कि भारत में अब विवाहेतर संबंधों को लेकर लोगों का नजरिया बदल रहा है। यह सिर्फ यौन इच्छाओं की पूर्ति नहीं, बल्कि रिश्तों में भावनात्मक खालीपन को भरने की भी एक कोशिश है। उन्होंने यह भी चेताया कि ऐसे रिश्तों का बच्चों की मानसिक स्थिति पर भी गहरा असर पड़ सकता है। कांचीपुरम जैसे अपेक्षाकृत छोटे शहर का इस सूची में अव्वल आना यह दर्शाता है कि 'बेवफाई' का दायरा अब सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रहा। बदलते समाज में रिश्तों की परिभाषाएं धुंधली हो रही हैं और यह ट्रेंड चिंताजनक भी है, खासकर जब इसका असर पूरे पारिवारिक ढांचे पर पड़ता हो।