हल्क होगन के जाने के गम में दुखी है दुनिया भर के फैन्स, भारत में भी शोक
Hulk Hogan
भारत
RP Raghuvanshi
25 Jul 2025 04:31 PM
Hulk Hogan: विश्व कुश्ती के सबसे बड़े सितारों में शुमार हल्क होगन (Hulk Hogan) अब हमारे बीच नहीं रहे। गुरुवार को 71 वर्ष की आयु में फ्लोरिडा स्थित अपने घर में दिल का दौरा पड़ने से हल्क होगन (Hulk Hogan) का निधन हो गया। जब से फैंस ने ये दुखद खबर सुनी है तब से दुनिायभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। हल्क होगन के जाने से भारत का बच्चा-बच्चा काफी दुखी है और भला हो भी क्यों ना हल्क होगन भारत में इतने पॉपुलर जो रहे हैं। हल्क होगन की सोशल मीडिया पर कई पोस्ट वायरल हो रही है जिसे देखकर फैंस काफी भावुक हो गए हैं और उनकी आत्मा की शांति की दुआएं मांग रहे हैं। आज हम आपको इस आर्टिकल के माध्यम से हल्क होगन से जुड़ी छोटी से छोटी जानकारी देने वाले हैं।
कौन थे हल्क होगन? Who was Hulk Hogan?
हल्क होगन का असली नाम टेरी जीन बोलिया था। 11 अगस्त 1953 को अमेरिका के जॉर्जिया के ऑगस्टा शहर में जन्मे होगन ने 1977 में पेशेवर कुश्ती में कदम रखा। लेकिन असली पहचान उन्हें 1980 के दशक में मिली जब WWE (तब WWF) ने उन्हें अपने सबसे बड़े चेहरे के रूप में दुनिया के सामने पेश किया। 6 फीट 7 इंच लंबे, सुनहरे हैंडलबार मूंछों, बंदाना और बेमिसाल शारीरिक ताकत के साथ होगन 80 के दशक के सबसे चर्चित और प्रिय रेसलर बन गए। उनकी "एटॉमिक लेग ड्रॉप" और "हल्क अप" जैसी मूव्स ने उन्हें बच्चों और युवाओं के बीच एक सुपरहीरो की तरह स्थापित कर दिया। बता दें कि, WWE के स्वर्णिम युग का चेहरा माने जाने वाले होगन न सिर्फ रिंग के बादशाह थे बल्कि वह एक पॉप कल्चर आइकन भी बन चुके थे।
WWE को दी नई ऊंचाई
हल्क होगन ने WWE को एक घरेलू तमाशा नहीं बल्कि वैश्विक स्पोर्टिंग इवेंट में तब्दील कर दिया। उन्होंने 1985 में पहले WrestleMania में मुख्य भूमिका निभाई आंद्रे द जायंट, द रॉक, रैंडी सैवेज और यहां तक कि WWE के चेयरमैन विंस मैकमोहन तक से रिंग में भिड़े। वे WWE के 6 बार चैंपियन और WCW के भी 6 बार हैवीवेट चैंपियन बने। होगन को 2005 में WWE हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया और उन्हें "Wrestling का बेबे रूथ" कहा गया यानी वह लीजेंड जिसकी मिसाल हमेशा दी जाएगी। हल्क होगन ने कुश्ती के अलावा फिल्मों और रियलिटी टीवी में भी अपनी पहचान बनाई। वह ‘रॉकी III’ और ‘सांता विद मसल्स’ जैसी फिल्मों में नजर आए। VH1 के शो ‘Hogan Knows Best’ ने लोगों को उनके पारिवारिक जीवन की झलक दिखाई। 2016 में वह एक निजी विवाद के चलते भी सुर्खियों में आए जब एक सेक्स टेप केस में उन्होंने गॉकर मीडिया के खिलाफ मुकदमा जीतते हुए 115 मिलियन डॉलर का जुर्माना हासिल किया।
2024 में ट्रम्प का समर्थन
हल्क होगन हाल ही में 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प के समर्थन में खुलकर सामने आए थे। रिपब्लिकन कन्वेंशन में उन्होंने ट्रम्प के समर्थन में मंच पर चढ़कर अपनी कमीज तक फाड़ दी और WWE अंदाज में कहा “ट्रम्प उन्माद को बेलगाम होने दो, भाई!”
हल्क होगन का भारत से कनेक्शन
ज्यादातर लोगों के दिमाग में यह सवल उठता है कि आखिर हल्क होगन का भारत से क्या कनेक्शन था? इसका जवाब आज हम आपके लिए लेकर आए हैं। दरअसल हल्क होगन का भारत से कोई सीधा रिश्ता नहीं था लेकिन 90 के दशक में भारत के लाखों बच्चों और युवाओं के दिलों पर उनका राज था। उस दौर में WWE (तब WWF) को देखना एक जुनून था और होगन थे उस जुनून के सबसे बड़े हीरो। रेडिट जैसे मंचों पर आज भी लोग लिखते हैं कि हल्क होगन को देखकर ही उन्होंने पहली बार WWE देखना शुरू किया था। भारत में केबल टीवी पर WWF आते ही बच्चे टीवी से चिपक जाते थे और हल्क होगन को जीतते देखना, जैसे किसी फिल्म के हीरो को जीतते देखना होता था।
भावुक हुए फैंस
होगन के निधन की खबर के बाद दुनियाभर के फैंस के साथ-साथ भारत के सोशल मीडिया पर भी भावनाओं की बाढ़ आ गई। लोगों ने #RIPHogan और #HulkamaniaForever जैसे ट्रेंड चलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। WWE ने ट्वीट कर कहा, “हल्क होगन ने 1980 के दशक में WWE को एक वैश्विक पहचान दिलाई। वह न सिर्फ रिंग के हीरो थे, बल्कि पॉप संस्कृति का भी बड़ा नाम थे। हम उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।” 25 मिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक होगन आज भले ही हमारे बीच न हों, लेकिन ‘हल्कामेनिया’ और उनका करिश्मा रेसलिंग इतिहास में अमर रहेगा। उन्होंने एक पीढ़ी को सपने देखने, ताकतवर बनने और अपने आदर्श को जीने की प्रेरणा दी।