Farmers Protest in Noida:मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष: सुखबीर खलीफा
भारत
चेतना मंच
17 Dec 2021 08:24 PM
नोएडा । अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत नोएडा के किसानों का धरना (Noida Farmer Protest)आज भी जारी है। आज प्रात:काल से ही बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं एवं युवक नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority)के कार्यालय के बाहर पहुंचे तथा धरना दिया। एक बार फिर किसान नेता(Farmer Leader) सुखबीर खलीफा ने घोषणा की कि सारी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
नोएडा के 81 गांवों के किसानों द्वारा कल सेक्टर-14 ए नोएडा प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन के बाद पुलिस ने किसान नेताओं पर मुकदमें दर्ज कर दिए हैं। कल किसानों ने प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी के आवास का घेराव का निर्णय लिया था। लेकिन किसानों को सेक्टर-14ए प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया गया। जिसके चलते उन्होंने सडक़ जाम किया। यह जाम कर्ई घंटे तक चला। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में 62 किसानों के खिलाफ नामजद तथा 600 से 700 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद भी आज किसान धरना स्थल पर पहुंचे और वहां हवन शुरू किया।
थाना सेक्टर-20 के थाना प्रभारी मुनेश कुमार चौहान ने धरना के संयोजक सुखबीर खलीफा, सुधीर चौहान, उदल सिंह, राजेंद्र यादव, सत्यवीर आर्य , सुरेंद्र प्रधान, ओमवीर , इंद्रजीत, आशीष चौहान, सतेंद्र प्रधान आदि 62 किसानों के खिलाफ धारा 147, 332 ,341 ,342, 353, 500 ,504, 34 आईपीसी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है ।
वही 600 से 700 अज्ञात किसानों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पूर्व भी कई बार किसानों के खिलाफ गिरफ्तारी और मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। लेकिन किसान अपने हकों की लड़ाई के लिए आज भी प्राधिकरण के गेट पर धरना दे रहे हैं ।आज उन्होंने सर्वप्रथम प्राधिकरण गेट पर पहुंच कर धरना दिया और हवन यज्ञ किया ।
इस संबंध में सुखबीर खलीफा का कहना है कि पुलिस प्रशासन उन पर कितने ही मुकदमे लगा दे और उन्हें जेल भेज दें, लेकिन वह अपने हक की लड़ाई को जारी रखेंगे। जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती।