monkey pox : गाजियाबाद मेें मंकी पॉक्स के 2 संदिग्ध मरीज मिलने से हड़कंप
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 03:23 PM
Gaziabad : गाजियाबाद। देश अभी कोरोना (Corona) महामारी से उबरा भी नहीं कि अब मंकी पॉक्स (Monkey pox) ने दस्तक दे दी है। केरल, दिल्ली और बिहार के बाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भी मंकी पॉक्स के दो संदिग्ध मरीजों (Suspected patients) के मिलने से हड़कंप मच गया है। देश में अब तक 5 मरीजों की पुष्टि की जा चुकी है।
राजधानी दिल्ली में मंकी पॉक्स के एक मरीज के मिलने के बाद अब एनसीआर के गाजियाबाद जिले में दो युवकों को संदिग्ध मरीज माना गया है। जांच के लिए उनके सैंपल पुणे की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में भेजे गए हैं। एक मेडिकल एक्सपर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा 40-45 साल के लोगों में इस बीमारी का ज्यादा खतरा है। यूपी में युवाओं की संख्या लगभग 10 करोड़ है। विशेषज्ञों का मानना है कि एहतियात न बरतने पर इन्हें खतरा हो सकता है। हालांकि इस बीमारी के खतरे से छोटे बच्चे, गे कम्युनिटी और ट्रांसजेंडर्स पर भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। मंकीपॉक्स को लेकर डब्ल्यूएचओ की चेतावनी के बाद केंद्र सरकार ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। यूपी सरकार ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। सरकार ने इस बीमारी से बचाव के लिए लखनऊ में टेस्टिंग शुरू करने के साथ ही नोडल अधिकारी की तैनाती और विशेष केंद्र बनाने की तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
एसजीपीजीआई की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पियाली भट्टाचार्य ने बताया, यूपी में मंकी पॉक्स फैला, तो आइसोलेशन वार्ड में संक्रमितों को रखना होगा। बच्चों के लिए स्पेशल वार्ड चाहिए होंगे। बच्चों में ये बीमारी ज्यादा असर करती हैं। घातक भी हो सकती है। खास तौर पर कम इम्युनिटी वाले बच्चों में और कुपोषित बच्चों में इसके गंभीर नतीजे आ सकते हैं।