स्कैमर को उसी की चाल में फंसाया, लड़की ने ठग के साथ कर दिया स्कैम, फिर वीडियो बनाकर इंटरनेट पर मचाया धमाल
Fraud Business :
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:39 AM
Fraud Business : डिजिटल पेमेंट ने जहां एक ओर आम लोगों के लेन-देन को आसान बना दिया है, वहीं स्कैमर्स के लिए भी नए रास्ते खोल दिए हैं। लेकिन हर बार ठगी का शिकार आम लोग ही बनें, यह जरूरी नहीं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि ठगों को भी जवाब देना अब युवा पीढ़ी बखूबी जानती है। एक वायरल वीडियो में एक लड़की ने न सिर्फ एक स्कैमर की चालाकी को पकड़ा, बल्कि उसी की तरकीब को उसी पर आजमा कर ऐसा सबक सिखाया कि इंटरनेट पर लोग उसकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं।
स्कैमर का स्क्रिप्टेड स्कैम, लेकिन लड़की निकली प्रो!
वीडियो में यह देखा जा सकता है कि एक स्कैमर लड़की को कॉल करता है और दावा करता है कि उसके पिता ने 12,500 रुपये भेजने को कहा है। स्कैमर एक फर्जी बैंक मैसेज भेजता है, जिसमें ट्रांजैक्शन की झूठी डिटेल्स होती हैं। हालांकि, लड़की तुरंत समझ जाती है कि मामला गड़बड़ है। इसके बाद लड़की मजाकिया अंदाज में स्कैमर से कहती है, "अंकल, आपके 10 हजार आ गए और बाकी 2000 भी दिख रहे हैं।" इसपर स्कैमर अपनी अगली चाल चलता है और कहता है, "बेटा, गलती से 25 हजार भेज दिए हैं, बाकी पैसे वापस भेज दो।" लड़की को स्कैमर की असली मंशा भांपने में देर नहीं लगती। स्कैमर द्वारा शेयर किए गए नंबर पर लड़की उसी तरह का फर्जी ट्रांजैक्शन मैसेज बना कर उसे भेज देती है, जैसा स्कैमर ने पहले किया था। कुछ ही पल में स्कैमर को एहसास हो जाता है कि वह किसी शिकार से नहीं, बल्कि डिजिटल फाइटर से टकरा गया है।
वायरल वीडियो ने जीत लिया इंटरनेट का दिल
यह पूरा वाकया वीडियो के रूप में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किया गया, जहां लाखों लोगों ने इसे देखा और पसंद किया। एक यूजर ने लिखा, बहन ने आज स्कैमर को करारा जवाब दिया है, दिल खुश हो गया! वहीं एक अन्य ने कहा, कभी-कभी स्कैमर भी सही बंदे से टकरा जाए, तो मजा आ जाता है। इस घटना ने यह साफ कर दिया कि डिजिटल जागरूकता आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। साथ ही यह भी कि तकनीक का इस्तेमाल सिर्फ स्कैम के लिए नहीं, स्कैम के खिलाफ भी किया जा सकता है, अगर आप सतर्क और समझदार हैं।