Fruad Gang : कम ब्याज दरों पर कर्ज की पेशकश कर ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़
Fruad Gang
भारत
चेतना मंच
31 Dec 2022 01:01 AM
Fruad Gang : नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो यह नोएडा स्थित एक कॉल सेंटर में एक बीमा कंपनी के छद्मवेश में कम ब्याज दरों की पेशकश कर कर्ज लेने वाले लोगों को ठगता था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
Fruad Gang
पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों की पहचान मोहित शर्मा (31), प्रेम सिंह (33) और मोहम्मद फैसल (37) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पीड़ितों को नई खरीदी बीमा पॉलिसी की एवज में कम ब्याज दरों पर ऋण देने का लालच दिया।
पुलिस ने कहा कि यह मामला तब सामने आया जब पीड़ितों में से एक ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने इसी तरीके का इस्तेमाल कर उनसे 14 लाख रुपये की ठगी की। हालांकि, शिकायतकर्ता को 50 लाख रुपये का ऋण वितरित नहीं किया गया था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने बताया कि जांच के दौरान एक दल को धन के लेन-देन की जानकारी के लिए तैनात किया गया था, जबकि दूसरे दल को उपलब्ध मोबाइल नंबरों के माध्यम से तकनीकी जांच करने का काम सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि आरोपियों के गाजियाबाद, फरीदाबाद और उत्तरपूर्व दिल्ली में होने की जानकारी मिली।
डीसीपी ने बताया कि इसके बाद सोमवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में छापेमारी की गई और आरोपी मोहित शर्मा को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक कार, लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न पासबुक, चेकबुक और डेबिट कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि बाद में प्रेम सिंह को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को नोएडा में छापेमारी कर मुख्य आरोपी मोहम्मद फैसल को गिरफ्तार किया गया।