रेल ट्रैक से लेकर ट्रकों तक के रुके पहिए, बेबस हुई पुलिस...बिहार में BPSC परीक्षा पर संग्राम
BPSC Protest
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:57 AM
BPSC Protest : पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने बिहार लोक सेवा आयोग परीक्षा (BPSC) के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन में पटना के सचिवालय हाल्ट पहुंचकर ट्रेन रोकने की कोशिश की। उनके साथ उनके समर्थक भी थे। पप्पू यादव ने स्पष्ट किया कि, उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक BPSC परीक्षा को दोबारा नहीं आयोजित किया जाता। उन्होंने इस परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए, यहां तक कि उन्होंने कहा, "BPSC में बहाली के जरिए करोड़ों का खेल खेला जा रहा है"।
मांगे पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
सांसद ने राज्य सरकार को चेतावनी दी और कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। पप्पू यादव ने कहा, "सरकार भले ही हमारी न सुने लेकिन हम BPSC अभ्यर्थियों के समर्थन में संघर्ष जारी रखेंगे।" इस दौरान पप्पू यादव ने प्रशांत किशोर पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने प्रशांत किशोर को "गैंबलर" करार दिया और कहा कि प्रशांत किशोर गांधी मैदान में धरने पर बैठने के लिए जानबूझकर प्रशासन को चुनौती देने के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे। पप्पू यादव ने यह सवाल भी उठाया, "प्रशांत किशोर 14 दिन तक कहां गायब थे?"
मसाल जुलूस निकालेंगे कार्यकर्ता
दूसरी ओर, प्रशांत किशोर भी BPSC परीक्षा को लेकर बिहार में जारी आंदोलन में शामिल हो गए हैं। वे पटना के गांधी मैदान में अनशन पर बैठे हैं, हालांकि प्रशासन ने उन्हें वहां धरना देने की अनुमति नहीं दी थी। इसके अलावा, लेफ्ट पार्टियों के छात्र संगठन भी सीएम आवास तक मार्च निकालने की योजना बना रहे हैं और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शाम को मसाल जुलूस निकालेंगे।
मांग को लेकर एनएच 31 जाम
बेगूसराय में भी छात्रों ने BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर एनएच 31 को जाम कर दिया। इस आंदोलन का नेतृत्व युवा शक्ति के छात्र संगठन के नेता पिंटू कुमार ने किया। जाम के कारण यातायात प्रभावित हुआ और प्रशासन अलर्ट मोड में था। पिंटू कुमार ने कहा, "हमारी मांग है कि BPSC परीक्षा में हुई धांधली को लेकर पूरी परीक्षा को रद्द कर दिया जाए और दोबारा परीक्षा ली जाए। आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती।"