
सार
G20 Summit 2023 : भारत में हुआ G-20 शिखर सम्मेलन बेहद सफल रहा हैं यह सम्मेलन पूरी दुनिया के लिए मिसाल बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वव्यापी विजन के साथ ही इस सम्मेलन की सफलता में उत्तर प्रदेश यूपी के एक IAS अधिकारी का भी विशेष योगदान रहा है। कुछ अर्सा पूर्व तक UP के ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की CEO रहे इस अधिकारी ने सम्मेलन के आयोजन में अहम भूमिका निभाई। UP के इस लाल पर उत्तर प्रदेश के सभी नागरिकों को गर्व है।
विस्तार
G20 Summit 2023 : 9 व 10 सितंबर को दिल्ली के प्रगति मैदान में हुआ G-20 शिखर सम्मेलन सफलता की एक मिसाल के साथ संपन्न हुआ। इस सम्मेलन को सफलता की मिसाल बनाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खास विजन सबसे बड़ा कारण बना है। साथ ही भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, G-20 के शेरपा अमिताभ कांत की मेहनत ने भी रंग दिखाया। इन सबके साथ ही यूपी के मथुरा जिले के रहने वाले यूपी कैडर के IAS सुरेंद्र सिंह ने भी इस आयोजन में बड़ी भूमिका निभाई है।
आपको बता दें कि मूल रुप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के सैदपुर गांव के रहने वाले सुरेंद्र सिंह UP कैडर के वर्ष 2005 के IAS अधिकारी हैं। सुरेंद्र सिंह अपनी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और कड़ी मेहनत के लिए प्रसिद्ध हैं। वे UP के मुजफ्फरनगर के साथ ही साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के DM रहे हैं। कुछ दिन पूर्व तक सुरेंद्र सिंह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO थे।
वें इन दिनों प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली के उप राज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना के निजी सचिव के पद पर तैनात हैं। दिल्ली प्रशासन के मुखिया के तौर पर दिल्ली में G-20 के आयोजन की पूरी व्यवस्था का दारोमदार एलजी विनय कुमार सक्सेना की टीम के कंधों पर था। दिल्ली के राजभवन के सूत्रों का दावा है कि आईएएस अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने रात दिन मेहनत करके G-20 के आयोजन की हर छोटी बड़ी व्यवस्था को खुद देखा। G-20 के सफल आयोजन के लिए यूपी के लाल सुरेंद्र सिंह की सर्वत्र सराहना हो रही है।
दिल्ली सरकार के राजभवन के एक अधिकारी ने चेतना मंच को बताया कि पिछले डेढ़ महीने से LG के निजी सचिव सुरेंद्र सिंह रात दिन जी 20 की तैयारियों में जुटे हुए थे। ऐसा एक भी दिन नहीं गया जब उन्होंने छुट्टी ली हो अथवा काम में कोई ढिलाई बरती हो। वे दिल्ली के तमाम अफसरों को काम में लगाए रहे।
विदेशी मेहमानों के एयरपोर्ट से अपने होटल तक जाने, ठहरने, खाने, आयोजन स्थल तक आने जाने से लेकर जी 20 के पूरे आयोजन की एक एक व्यवस्था पर एलजी विनय कुमार सक्सेना के साथ आईएएस सुरेंद्र सिंह खुद निगाह बनाए हुए थे। G-20 शिखर सम्मेलन के आयोजन की सफलता के बाद हर तरफ से सुरेंद्र सिंह को बधाईयां मिल रही है। G20 Summit 2023