
Gas Price Update: गैस सिलेंडर को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर यह है कि एक बार फिर से सरकारी तेल कंपनियां गैस की कीमतों में इजाफा कर सकती है। एलपीजी सिलेंडर पर मिलने वाली छूट को भी खत्म कर दिया गया है। कुल मिलाकर आपको रसोई गैस सिलेंडर खरीदने के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।
आपको बता दें कि सरकारी तेल कंपनियों के द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर पर 200 से 300 रुपये तक की छूट दी जाती थी, जिसको अब खत्म कर दिया गया है। डिस्ट्रीब्यूटर्स द्वारा कमर्शियल सिलेंडर पर ज्यादा डिस्काउंट दिए जाने की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।
देश की तीनों सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) और एचपीसीएल (HPCL) व बीपीसीएल (BPCL) ने जानकारी देते हुए डिस्ट्रीब्यूटर्स से कहा है कि अब से किसी भी कमर्शियल गैस सिलेंडर वाले ग्राहकों को छूट की सुविधा नहीं मिलेगी। यह फैसला 8 नवंबर से लागू हो चुका है।
इंडियन ऑयल से मिली जानकारी के मुताबिक, 19 किलोग्रम और 47.5 किलोग्राम के सिलेंडर बिना डिस्काउंट के बेचे जाएंगे। साथ ही HPCL ने कहा है कि 19 किलोग्राम, 35 किलोग्राम, 47.5 किलोग्राम और 425 किलोग्राम वाले सिलेंडरों पर मिलने वाले सभी छूट को खत्म किया जा रहा है।