गौतम अडानी बनाएंगे भारत का स्टील्थ फाइटर जेट, ₹15,000 करोड़ की डील!
भारत
चेतना मंच
01 Sep 2025 01:53 PM
भारत के डिफेंस सेक्टर में एक बड़ा कदम उठाते हुए गौतम अडानी की कंपनी अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस अब स्टील्थ फाइटर जेट बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने रक्षा मंत्रालय की एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोजेक्ट में भाग लेने की पुष्टि की है जिसकी अनुमानित लागत करीब ₹15,000 करोड़ है। Gautam Adani
30 सितंबर तक जमा करनी है बोलियां
अडानी डिफेंस के CEO आशीष राजवंशी ने जानकारी दी कि यह प्रोजेक्ट अभी EoI (रुचि पत्र) के चरण में है और 30 सितंबर तक प्रतिक्रिया देनी है। यह एक 10 साल लंबा विकास कार्यक्रम है, जिसमें पहला स्टील्थ फाइटर जेट 2034-35 तक भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल होने की उम्मीद है।
क्या है AMCA प्रोजेक्ट?
AMCA यानी एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट भारत का सबसे महत्वाकांक्षी लड़ाकू विमान प्रोजेक्ट है। इसे DRDO के तहत एरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) द्वारा विकसित किया जा रहा है। यह विमान 5वीं पीढ़ी का स्टील्थ मल्टीरोल फाइटर जेट होगा जो एयर-टू-एयर, एयर-टू-ग्राउंड और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर जैसे सभी मिशन में इस्तेमाल हो सकेगा।
फिफ्थ जनरेशन स्टील्थ जेट की खासियत
दुश्मन के रडार से बचने की तकनीक।
पूरी तरह डिजिटल, हाई-एंड सेंसर और कंप्यूटिंग सिस्टम।
इंटरनल वेपन्स बे, जिससे हथियार बाहर न दिखें।
सटीक हमला और उच्च सुरक्षा क्षमता।
ऐसे फाइटर जेट आज की तारीख में अमेरिका, रूस और चीन के पास ही हैं और अब भारत भी इस दौड़ में कदम रखने को तैयार है। अडानी ग्रुप पहले से ही ड्रोन, मिसाइल सिस्टम, रडार, छोटे हथियार और एंटी-सबमरीन सिस्टम जैसे डिफेंस प्रोडक्ट्स बना रहा है। इस प्रोजेक्ट में भाग लेकर कंपनी भारत के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में बड़ी भूमिका निभाने की तैयारी में है।
कौन-कौन हैं रेस में?
AMCA प्रोजेक्ट के लिए कई बड़ी कंपनियां बोली लगाने की तैयारी में हैं।
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स।
एलएंडटी डिफेंस।
महिंद्रा एयरोस्पेस।
भारत फोर्ज।
गोदरेज एयरोस्पेस।
डायनामेटिक टेक्नोलॉजीज
आजाद इंजीनियरिंग।
हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने AMCA प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है, जिससे इसे पहली बार सरकारी और प्राइवेट सेक्टर दोनों के लिए खोला गया है। सरकार इस प्रोजेक्ट को Make in India के तहत एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रही है। Gautam Adani