Gautam Adani : भारत के सबसे बड़े कारोबारी की तिजोरी में साक्षात कुबेर का वास
भारत
चेतना मंच
16 Sep 2022 09:14 PM
New Delhi : नई दिल्ली। भारत(India ) के सबसे बड़े कारोबारी गौतम अडानी की तिजोरी में साक्षात कुबेर का वास हो गया है। सिर्फ एक महीने में ही वह दुनिया के तीसरे से दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। अमेजॉन के बॉस जेफ बेजोस और लुई वित्तॉन के बरनार्ड आरनॉल्ट परिवार को पीछे छोड़कर भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी अब दुनिया के दूसरे सबसे रईस शख्स बन गए हैं। फोर्ब्स की रीयल-टाइम अरबपति लिस्ट में गौतम अडानी की नेटवर्थ 154.7 अरब अमेरिकी डॉलर है। लिस्ट में एलन मस्क अब भी 273.5 अरब अमेरिकी डॉलर की नेटवर्थ के साथ अव्वल हैं।
पिछले माह भी, गौतम अदानी ने लुई वित्तॉन के बरनार्ड आरनॉल्ट परिवार को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर कब्जा किया था, लेकिन उस वक्त वह जेफ बेजोस और एलन मस्क से पीछे थे। अब आरनॉल्ट समूचे परिवार की 153.5 अरब अमेरिकी डॉलर की नेटवर्थ के साथ लिस्ट में तीसरे नंबर पर है, क्योंकि शुक्रवार को उनकी नेटवर्थ में 3.08 फीसदी या 4.9 अरब अमेरिकी डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, जेफ बेजोस अब इस सूची में 149.7 अरब अमेरिकी डॉलर की नेटवर्थ के साथ चौथे नंबर हैं, जिनकी नेटवर्थ में शुक्रवार को 2.3 अरब अमेरिकी डॉलर की गिरावट आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रमुख मुकेश अंबानी इस सूची में 92 अरब अमेरिकी डॉलर की नेटवर्थ के साथ आठवें स्थान पर मौजूद हैं। गौतम अडानी, जो अपने व्यवसाय में परिवार की पहली ही पीढ़ी हैं, अडानी ग्रुप के प्रमुख हैं, जिसके तहत सात पब्लिक लिस्टेड कंपनियां हैं, जो बुनियादी ढांचा, खनन, ऊर्जा तथा अन्य क्षेत्रों में काम करती हैं।