Noida Corona News: नोएडा में मिले 510 नए कोरोना केस, यूपी में गौतमबुद्ध नगर सर्वाधिक प्रभावित जिला
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 01:52 PM
नोएडा : गौतमबुद्ध नगर जिले (Gautam Buddha Nagar District) में बुधवार को कोविड-19 (Covid 19) के 510 नए मामले सामने आए, जिसके बाद यह उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) का पहला जिला बन गया है, जहां पर उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक हजार को पार कर गई है. इसी के साथ राज्य सरकार द्वारा तय नियमों के अनुरूप बृहस्पतिवार से यहां पाबंदियां और सख्त की जाएंगी.
अधिकारियों ने बताया कि नए मामलों के साथ ही जिले में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,110 हो गई है. जिलाधिकारी एनलवाई सुहास ने बताया, ‘‘हाल में कोरोना वायरस (Corona Virus) से संक्रमण के मामले बढ़े हैं. बुधवार को गौतमबुद्धनगर जिले (Gautam Buddha Nagar District) में उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक हजार के पार हो गई है. उत्तर प्रदेश सरकार (UP Govt) द्वारा निर्धारित पाबंदी (एक हजार से अधिक सक्रिय मामले होने पर) बृहस्पतिवार से यहां लागू होगी.’’
पढ़ें : Noida News: नोएडा में बढ़ा कोरोना का कहर
उन्होंने बताया कि रात का कर्फ्यू अब रात 11 बजे से सुबह पांच बजे के बजाय रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक लागू होगा. सुहास ने बताया कि ‘मास्क नहीं तो खरीददारी नहीं’ नियम को सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जाएगा.’’ स्वास्थ्य विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, जिले में अबतक कोविड-19 के 64,651 मामले आ चुके हैं, जिनमें से 468 लोगों की जान गई है.
ये भी पढ़ें : WHO वैज्ञानिक का दावा- Omicron वेरिएंट पर अब भी प्रभावी हैं वैक्सीन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सुनील कुमार शर्मा के अनुसार, जिले में अब तक 11,500 लोग विदेश की यात्रा करके लौटे हैं, जिनमें से 2800 लोग उच्च खतरे वाले देशों से आए हैं. डॉ.शर्मा ने बताया कि विदेश से आए 800 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं जिनमें से अबतक 15 संक्रमित मिले हैं.
जिलाधिकारी सुहास ने बताया कि इस समय कोई भी मरीज आईसीयू में भर्ती नहीं हैं और 400 मरीजों को कोविड अस्पताल के पृथक-वास में रखा गया है, जिनमें कुछ विदेश से लौटे लोग हैं.