
Gautambuddha Nagar: मुख्यमंत्री सामूहिक योजनान्तर्गत आगामी 25 नवंबर को सैकड़ों जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए है। सीडीओ ने कहा कि इस योजना के तहत अधिक से अधिक जोड़ों का पंजीकरण कराया जाना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बिलासपुर, जहांगीरपुर, जेवर, रबूपुरा के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया। सीडीओ ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत अभी तक आवेदन पत्र पंजीकरण की समीक्षा की। जिसमें पाया गया कि सहायक विकास अधिकारी विकास खंड जेवर, बिसरख व दादरी को छोड़कर कोई भी पंजीकरण किए जाने में सफल नहीं हो पाया।
उन्होंने आगामी 25 नवंबर को होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए ज्यादा से ज्यादा जोड़ों का पंजीकरण कराए जाने के आदेश अधिकारियों को दिए, साथ ही कहा कि कम से कम 10 जोड़ों का विवाह होना चाहिए।
सीडीओ गौतमबुद्ध नगर ने विकास खंड दादरी, बिसरख, जेवर और नगर पंचायत व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों को इस कार्य के लिए कर निरीक्षक की ड्यूटी लगाकर प्रचार प्रसार कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र बहादुर सिंह, प्रज्ञा श्रीवास्तव, जय कुमार, लक्ष्मण सिंह, विक्रम सिंह, दीपक चौहान, प्रज्ञा तिवारी, सतीश चंद आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े -