
Gautambuddha Nagar News : कृषि वैज्ञानिकों का मत है कि महिलाएँ केवल रसोई में मसाला पकाने का काम ना करके मसाला उत्पादन कर कमाऊँ किसान भी बन सकती है। गौतमबुद्ध नगर के कृषि विज्ञान केंद्र, नूरपुर छोलस में मसाला उत्पादन हेतु जनपद स्तरीय गोष्ठी तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
केंद्र के अध्यक्ष डॉ. मयंक कुमार राय ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी आगंतुकों, वैज्ञानिकों, महिलाओं एवं कृषकों का स्वागत किया तथा मसाले वाली फसलों की गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य लाभ के बारे में चर्चा करते हुए महिलाओं को मसाला फसलों से लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मनोज कुमार सिंह, वैज्ञानिक, उद्यान, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ ने केंद्र पर उपस्थित 60 से ज्यादा कृषक एवं कृषक महिलाओं को संबोधित करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मसाला फसलों की व्यवसायिक उत्पादन तकनीक तथा मसाला विकास परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. वीरेंद्र कुमार, वैज्ञानिक, उद्यान, कृषि विज्ञान केंद्र, हापुड़ द्वारा कृषक बंधुओं को विभिन्न मसालों की खेती जैसे धनिया, मैथी, लहसुन, हल्दी आदि के उत्पादन की जानकारी दी।
डॉ. विपिन कुमार, वैज्ञानिक सस्य विज्ञान ने मसालों को शपथ ली खेती के रूप में लगाए जाने की विधियों की तकनीकी जानकारी प्रदान की। डॉ. विनीता सिंह, वैज्ञानिक, गृह विज्ञान के द्वारा महिलाओं को आय अर्जित करने हेतु मसालों के प्रसंस्करण की जानकारी दी गयी। केंद्र के डॉ. सुनील प्रजापति, वैज्ञानिक, उद्यान के द्वारा भारत में मसाला फसलों का वर्तमान स्तर एवं भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई । कार्यक्रम का संचालन डॉ. बोनिका पंत, वैज्ञानिक,मत्स्य विज्ञान द्वारा किया गया।