Ghaziabad: गाजियाबाद । थाना साहिबाबाद क्षेत्र की डीएलएफ कालोनी में बदमाश एक महिला की हत्या करके घर के गहने व नकदी लूट ले गए। महिला का शव बाथरूम में पड़ा मिला। जबकि उसकी सास बदहवास स्थिति में बालकनी में पड़ी मिली।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद की डीएलएफ कालोनी के मकान नंबर एस-1, ब्लॉक ए-31 में देर रात बदमाशों ने महिला की हत्या करके फ्लैट में लूटपाट की। डीएलएफ कालोनी में संतोष कुमार अपनी (20 वर्षीय) पत्नी संतोषी और मां पद्मावती के साथ रहते हैं। वह दिल्ली में नौकरी करते हैं। देर रात फ्लैट पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। उनकी पत्नी संतोषी का शव बाथरूम में पड़ा हुआ था और बदहवास स्थिति में उनकी मां श्रीमती पद्मावती (70 वर्षीय) बालकनी में पड़ी थीं। कमरे में अलमारी खुली थी। उसमें रखे गहने व रुपये गायब थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। पता चला कि महिला की हत्या तार से गला घोंट कर की गई है। आलमारी का लाकर तोड़कर गहने व रुपये लूटे गए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतोष के ऊपर का फ्लैट निर्माणाधीन है। उसमें विपिन और कुछ कामगार रहते हैं। कामगार अकसर पानी व अन्य सामान लेने उनके फ्लैट में आते रहते थे। रात भी कुछ कामगार उनके फ्लैट पर आए थे। उन्होंने उनकी मां को बालकनी में धक्का देकर अंदर कमरे में कुंडी लगा ली थी। संतोष को शक है कि कामगारों ने ही लूट के लिए उनकी पत्नी की हत्या की है। लूट के दौरान हुई हत्या की जानकारी होने पर कार्यवाहक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले के राजफाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। उन्हें जल्द से जल्द मामले का राजफाश करने का निर्देश दिया। मुनिराज जी ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।