
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 5 लोगों से साइबर ठगों ने करीब 29 लाख रुपये ठग लिए। इनमें 2-2 मामले कविनगर और वेव सिटी, वहीं, एक मामला मधुबन बापूधाम थाने में दर्ज हुआ है। सभी में पीड़ितों को कमाई के तरीके से बताने के बाद ठगी की गई। एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद ने बताया कि इस प्रकार के मामलों में पीड़ितों से फौरन 1930 पर कॉल भी करवाई जा रही है। साथ ही ठगों के बैंक अकाउंट भी फ्रीज करवाए जा रहे हैं।
वेव सिटी थाना क्षेत्र की एक सोसायटी में रहने वाले वरुण को टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ने के बाद निवेश के बारे में बताया गया। उन्हें 50 फीसदी तक रिटर्न का दावा किया गया था। वह लालच में आ गए और उन्होंने कई बार ठगों के बताए अकाउंट में करीब साढ़े 14 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। वेव सिटी में रहने वाले अजीत सिंह को ऑनलाइन टास्क देकर 2 लाख 44 हजार रुपये की ठगी गई।
गोविंदपुरम के रहने वाले सुमंतो ने भी ऑनलाइन टास्क के चक्कर में 9 लाख 14 हजार रुपये गंवा दिए। शिकायत के अनुसार, उन्हें अनजान नंबर से मेसेज कर घर बैठे कमाई की जानकारी दी गई। बताया गया कि हर दिन सिर्फ 22 रिव्यू करने हैं, जोकि 1 घंटे में ही हो जाएंगे। इसके बदले में 100 रुपये प्रति रिव्यू मिलेंगे। कुछ दिन रुपये देने के बाद ठगों ने और टास्क बताएं, उन्होंने विश्वास कर ठगों के बताए खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो कविनगर थाने में शिकायत दी। कविनगर थाना क्षेत्र के ही शास्त्रीनगर के रहने वाले हेमंत से इसी प्रकार के टास्क के नाम पर 1 लाख 53 हजार रुपये ठग लिए गए।
5वें मामले में मधुबन बापूधाम क्षेत्र के मानसी विहार में रहने वाले अभिषेक से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर ठगी की गई। उन्हें सोशल मीडिया पर लिंक मिला था, जिसके बाद उनकी आईडी बनाई और 50 फीसदी तक के रिटर्न का झांसा देकर 1 लाख रुपये ठग लिए गए।