गाजियाबाद में तैनात सीजीएसटी इंस्पेक्टर को CBI ने रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
Ghaziabad News
भारत
RP Raghuvanshi
08 May 2025 06:58 PM
भारत
RP Raghuvanshi
08 May 2025 06:58 PM
Ghaziabad News : सीबीआई ने सीजीएसटी गाजियाबाद में तैनात एक निरीक्षक को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी निरीक्षक ने एक फर्म संचालक से आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) में कथित गड़बड़ी को लेकर 11 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। लेकिन दो लाख रुपये में सौदा तय हो गया।
कारोबारी ने मामले की शिकायत सीबीआई से किया
इसके बाद कारोबारी ने मामले की शिकायत सीबीआई से कर दी। सीबीआई ने जब निरीक्षक को पकडऩे का प्रयास किया तो आरोपी ने भागने के दौरान सीबीआई एवं अन्य वाहन को टक्कर मार दी। वहीं, इस दौरान टीम ने उसे पकड़ लिया। बृहस्पतिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।
सीबीआई ने बुधवार को निरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने जांच एजेंसी को बताया कि आरोपी निरीक्षक ने उसकी फर्म के जीएसटी रिटर्न में इनपुट टैक्स क्रेडिट में कथित गड़बड़ी को लेकर 11 लाख रुपये की अवैध मांग की थी। आरोपी द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था और धमकी दी जा रही थी कि यदि राशि नहीं दी गई तो फर्म के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बातचीत के बाद आरोपी निरीक्षक दो लाख रुपये की रिश्वत लेने को राजी हुआ।
सीबीआई ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचने के लिए जाल बिछाया
सीबीआई ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को रंगे हाथ दबोचने के लिए जाल बिछाया। आरोपी ने अपनी कार में रिश्वत की राशि स्वीकार की। वहीं, जब सीबीआई की टीम ने उसे मौके पर घेरने की कोशिश की तो वह भागने लगा और इस दौरान उसने सीबीआई टीम की गाड़ी और एक निजी वाहन को भी क्षति पहुंचाई। करीब दो किलोमीटर पीछा करने के बाद आरोपी को दबोच लिया गया। Ghaziabad News