
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पीपुल्स फॉर एनिमल की शिकायत पर पुलिस टीम ने एक गोदाम पर छापेमारी कर करीब दस लाख रुपये का चायनीज मांझा जब्त किया है। पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि गोदाम का मालिक पुलिस टीम आने से पहले ही फरार हो गया।
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरी के एसीपी शालीमार गार्डन सूर्यबली और डीएलएफ चौकी प्रभारी यश चौधरी ने पुलिस टीम के साथ थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र की राजीव कलोनी के भोपुरा में स्थित एक गोदाम में छापेमारी की। पुलिस ने यहां से करीब 10 लाख रुपये की कीमत का चायनीज मांझा जब्त किया है। पुलिस ने यहां से एक महिला शाहिस्ता और एक पुरुष को हिरासत में लिया है, जबकि गोदाम का मालिक शकील खान निवासी जाफराबाद फरार हो गया। बताय जाता है कि शकील खान ही चायनीज मांझे को बाजार में उतारता है और पूरी तरह से मार्केटिंग देखता था। पीपुल फार एनिमल की रेडिंग टीम में सौरव गुप्ता और गौरव गुप्ता पिछले चार दिन से रैकी कर रहे थे।
आपको बता दें कि चायनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाया गया है। चीन में निर्मित यह मांझा खुले आकाश में उड़ने वाले पक्षियों के लिए खतरा बनता है तो वहीं इस मांझे का प्रयोग करके उड़ाई जाने वाली पतंग मनुष्य के लिए भी खतरनाक होती है। डोर डूटने पर इस मांझे की चपेट में आने से घायल होने की अनेक घटनाएं हो चुकी हैं। जिला प्रशासन द्वारा चायनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन इसके बावजूद चोरी छिपे से इसे बेचा जा रहा है। Ghaziabad News