Ghaziabad News : अंजाम तक पहुंचने को तैयार देश की पहली रैपिड रेल परियोजना : आरके सिंह
Country's first rapid rail project ready to reach its end : RK Singh
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:25 AM
Ghaziabad News : गाजियाबाद। दिल्ली से मेरठ के बीच देश की पहली रैपिड रेल परियोजना अब अपने अंजाम तक पहुंचने वाली है। मेक इन इंडिया के तहत तैयार हो रही इस रैपिड रेल कॉरिडोर का पहला चरण साल-2023 के आखिर तक पूरा कर आम लोगों के लिए खोलने की योजना तैयार की गई है। इस कॉरिडोर के लिए सात स्टेशनों के चारों तरफ 1.5 किलोमीटर के दायरे में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों की मंजूरी दी गई है। जीडीए ने इस क्षेत्र को मिश्रित भू-उपयोग घोषित किया है। इस बाबत गाजियाबाद के जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष आरके सिंह की मौजूदगी में जीडीए सभागार में आरआरटीएस के अधिकारियों ने प्रजेंटेशन दिया। अब आरआरटीएस इस क्षेत्र का जोनल प्लान बनाने का काम शुरू करेगा, ताकि आगे की योजना तैयार हो सके।
Ghaziabad News :
गाजियाबाद के जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि पिछले दिनों शासन ने रैपिड रेल कारिडोर के लिए ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) पॉलिसी जारी की थी। इस पालिसी का जीडीए के नियोजन अनुभाग ने अध्ययन किया। उन्होंने बताया कि शासन ने पूर्व में ही रैपिड रेल कारिडोर की लाइन के दोनों तरफ 500-500 मीटर और स्टेशन के 1.5 किमी तक के दायरे में मिक्स लैंड यूज की योजना बनाई थी। इस क्षेत्र के लिए शासन स्तर से टीओडी पॉलिसी जारी करने के बाद नियोजन अनुभाग ने इस पालिसी का अध्ययन कर लिया है। टीओडी पालिसी के तहत आरआरटीएस को रैपिड रेल के इस क्षेत्र की योजना बनाने के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि आरआरटीएस के अधिकारियों ने अपनी प्रजेंटेशन दी, जिसमें इस क्षेत्र का आवासीय व व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन करने की पूरी जानकारी दी गई है।
Ghaziabad News :
जीडीए के उपाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि देश की पहली रैपिड रेल का काम लगभग पूरा होने को है। रैपिड रेल में मुसाफिरों के लिए बहुत ही शानदार सुविधा उपलब्ध होगी। देश की पहली रैपिड रेल का निर्माण गुजरात स्थित एलस्टॉम कारखाने में हुआ है। इसकी बुनियाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 मार्च 2019 को रखी थी। इस परियोजना पर 30,274 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
आरके सिंह ने बताया कि रैपिड रेल की दिल्ली से मेरठ के बीच लंबाई 82 किलोमीटर है। इसके माध्यम से दिल्ली से मेरठ के बीच की दूरी को सिर्फ 50 मिनट में नापा जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे प्रतिदिन 8 लाख से अधिक मुसाफिरों को फायदा होगा। पहले चरण में गाजियाबाद के साहिबाबाद स्टेशन से दुराई डिपो तक रेपिड रेल को दौड़ाने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। श्री सिंह ने बताया कि साहिबाबाद से दुराई तक 17 किलोमीटर के पहले चरण का काम साल-2023 के अंत पूरा कर आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस ट्रेन को आधुनिक तकनीकी से तैयार किया गया है, जिससे मुसाफिरों को सुखद एहसास होगा।