Ghaziabad News : जीपीए ने फीस वृद्धि के आदेश को वापस लेने की मांग की
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 02:20 PM
Ghaziabad : गाजियाबादः गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन (Ghaziabad Parents Association)ने प्रदेश सरकार द्वारा निजी स्कूलों की फीस में वृद्धि करने के आदेश पर रोष व्यक्त किया है। संस्था ने मुख्यमंत्री से आदेश को वापस लेने की मांग की और मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव से पहले स्कूलों को फीस में वृद्धि ना करने के आदेश दिए गए थे, मगर चुनाव खत्म होते ही उस आदेश को वापस लेकर स्कूलों को फीस में वृद्धि करने की छूट दे दी गई है जबकि पैरेंटस की हालत खस्ता है। कोरोना वैश्विक महामारी के कारण प्रदेश के लाखों अभिभावको की नौकरी छूट गई या रोजगार बंद हो गए हैं। एक तरफ सरकार फ्री राशन देने की सीमा बढा रही है तो वहीं दूसरी और स्कूलों को फीस में वृद्धि करने का आदेश दे रही है। कोरोना की चौथी लहर की दस्तक दे रही है और ऐसे समय फीस में वृद्धि होने से अभिभावकों की कमर ही टूट जाएगी। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से फीस वृद्धि के आदेश को वापस लेने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों यशपाल भाटी, नरेश कसोना, कौशल ठाकुर, जसवीर रावत, शिवा सिंघल, हिमांशु दीक्षित, विमल शर्मा, संजय शर्मा आदि शामिल थे।