
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद शहर में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी से ‘चिकन फ्राई’ खरीदने के लिए रुपये मांगे, लेकिन पत्नी ने चिकन फ्राई के लिए रुपये नहीं दिए। पति ने फिर से रुपये मांगे तो पत्नी ने फिर मना कर दिया। तीसरी बार रुपये देने से इनकार करने पर शराबी पति ने अपनी पत्नी के गले में कैंची घोंप दी और फरार हो गया। आनन फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र की प्रेम नगर कालोनी का है। यहां का रहने वाला शाहिद हुसैन पैशे से दर्जी है। लेकिन शराब का आदी होने के कारण जितने रुपये कमाता है, सभी शराब में उड़ा देता है। इसलिए उसकी 46 वर्षीय पत्नी नूरबानो ने पास ही में सब्जी की दुकान लगाती है, जिससे परिवार का गुजर बसर हो सके। शाहिद हुसैन के दो बेटे व चार बेटियां हैं।
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरी के लोनी क्षेत्र के कार्यवाहक अपर पुलिस आयुक्त (एसीपी) सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि लोनी पुलिस थाने के तहत प्रेम नगर कॉलोनी के शाहिद हुसैन को उसकी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि पेशे से दर्जी शाहिद ने शुक्रवार की रात बहस के बाद अपनी पत्नी नूर बानो की गर्दन में कैंची घोंप दी। उन्होंने कहा कि पत्नी को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब पत्नी ने शाहिद को बाजार से ‘चिकन फ्राई’ खरीदने के लिए कुछ पैसे देने से इनकार कर दिया था।
पुलिस ने कहा कि शाहिद को चिकन लाने के लिए पैसे देने से इनकार के बाद उसकी पत्नी बाहर गई और खुद चिकन खरीद कर लायी। पुलिस ने बताया कि इस बात पर फिर दोनों के बीच बहस हुई और इस दौरान शाहिद ने पत्नी नूर बानो की गर्दन पर कैंची से वार कर दिया।
पुलिस ने कहा कि हमले के कारण घायल नूर बानो को उसके बच्चे अस्पताल ले गये जहां उसकी मौत हो गयी। यह घटना नूर बानो के बच्चों के सामने हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ घंटे बाद उसके पति शाहिद को गिरफ्तार कर लिया।