Ghaziabad News : हिंडन नदी की जमीन पर बने अवैध मकान ढहाए गए
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 05:50 AM
Ghaziabad: गाजियाबाद । जिले में अवैध कब्जों पर बुलडोजर लगातार गरज रहा है। गुरूवार को भी कई इलाकों में बुलडोजर के जरिए अवैध निर्माण ढ़हाकर सरकारी जमीन खाली करवाई गई। हिंडन नदी का सीना चीरकर उसकी जमीन पर बनाए गए अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चलाकर जिला प्रशासन ने करोड़ों रुपए की जमीन को कब्जामुक्त कराया। वहीं डासना जेल रोड पर भी यह अभियान चला।
इंदिरापुरम के कनावनी में जिस जगह बुल्डोजर चला उस जमीन की कीमत 20 करोड़ रुपए है। यह 1.6 हेक्टेयर जमीन थी जिस पर अवैध निर्माण था।
सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है कि हिंडन की छाती पर छह हजार से ज्यादा अवैध निर्माण हो चुके हैं। डूब क्षेत्र पर भूमाफिया का कब्जा है। गुरूवार को प्रशासनिक अफसरों की टीम ने बुलडोजर के जरिए यहां अवैध निर्माणों को ढहाया। इसके अलावा गाजियाबाद के डासना इलाके में भी 6 कॉलोनियों में बुलडोजर दहाड़ा। यह वही इलाका हैं जहां लोगों ने अवैध कालोनी काटी थी और उसके बाद निर्माण शुरू कर दिया था। यहां भी मानक के विपरीत निर्माण होने पर बुलडोजर से कार्रवाई की गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे ताकि कोई विरोध ना कर सके।