
Ghaziabad News : डासना देवी मंदिर गाजियाबाद के पीठाधीश्वर एवं जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। महामंडलेश्वर ने यह चेतावनी गाजियाबाद में हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेन्द्र तोमर उर्फ पिंकी चौधरी पर गुंडा एक्ट लगाने के बाद हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी शुरू करने के विरोध में दी है। पिंकी चौधरी के खिलाफ सभी थानों से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ब्यौरा इकट्ठा कर रही है।
डासना देवी मंदिर से जारी बयान में यति नरसिंहानंद गिरि ने कहा, 'पिंकी चौधरी अपने धर्म के लिए लडऩे वाला शेर है। मैं सत्ताधारियों और पुलिस को बता देना चाहता हूं कि वो अपनी गोलियां तैयार रखें, अपने मुकदमे के रजिस्टर तैयार रखें। हम पूरी तरह पिंकी चौधरी के साथ खड़े हैं।'
महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने कहा कि पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश इस्लाम के जिहादियों ने नरक बना दिया है। बहन-बेटियों से बलात्कार हो रहे हैं। पुलिस उनके मुकदमे नहीं लिखती। अपराधियों को छोड़ देती है। हिन्दुओं के लिए लडऩे वाले पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। एनकाउंटर की धमकी दे रहे हैं। उन्हें नजरबंद किया जा रहा है। ये गुंडाएक्ट केवल हिन्दुवादियों पर लगाने के लिए रह गया है, जो बहन-बेटियों के सम्मान के लिए लड़ रहे हैं।
महामंडलेश्वर ने कहा कि ये सरकार हम लोगों के खून-पसीने से बनी थी, जो आज हर स्थिति में हमें कुचलने पर आ गई है। कम से कम भगवान से डरिए। नेताओं के दलाल बनकर जो अधिकारी काम कर रहे हैं, उन्हें सुन लेना चाहिए कि हम मौत से नहीं डरते। न जेल जाने से डरते हैं। अगर पिंकी चौधरी के साथ नाइंसाफी हुई तो योगी के कार्यालय पर जाकर आत्मदाह करुंगा। इसे पूरी दुनिया देखेगी।
आपको बता दें कि 1 अक्टूबर को राजनगर एक्सटेंशन में ट्रोनिका पुलिस द्वारा धार्मिक नारे लिखे गाडिय़ों के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही थी। पुलिस ने जब 'जय माता दी' स्टीकर लगे वाहन का चालान किया तो हिन्दू रक्षा दल ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। हिन्दु नेता पिंकी चौधरी ने ट्रैफिक पुलिस से अभद्रता की। हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार ने इस मामले में थाना नंदग्राम में भूपेन्द्र चौधरी उर्फ पिंकी चौधरी व 10-12 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद साहिबाबाद पुलिस ने पिंकी चौधरी के खिलाफ गुंडा एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। अब पुलिस उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी कर रही है।