
Ghaziabad News : (चेतना मंच)। साहिबाबाद क्षेत्र के हिंडन पुल चौकी क्षेत्र में एक मोबाइल शॉप संचालक की हत्या कर शव बोरे में बंद कर जीटी रोड के किनारे फेंके जाने के बाद आज नाराज परिजनों ने साहिबाबाद थाने के बाहर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भाजपा विधायक सुनील शर्मा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
आपको बता दें कि कल मोबाइल शॉप संचालक की हत्या कर उसके शव को बोरे में बंद कर जीटी रोड पर फेंक दिया गया था। राहगीरों ने स्कूटी पर बोरा रखा देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त उसके पास से मिले मोबाइल के जरिए की। मृतक अर्थला में रहने वाला दीक्षित पाल है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद भास्कर वर्मा का कहना है कि दीक्षित पाल की वसुंधरा में मोबाइल शॉप है। इस शॉप पर खासकर एप्पल मोबाइल बेचे जाते थे। दीक्षित पाल गुरूवार सुबह शॉप पर पहुंचे थे और दोपहर में अचानक उठकर स्कूटी से चले गए थे। दोपहर ढाई बजे तक दीक्षित की अपने परिचितों से मोबाइल पर बातचीत भी हुई। पुलिस को शाम पौने चार बजे बोरा मिलने की खबर मिली। ऐसे में दीक्षित पाल की हत्या दोपहर ढाई बजे से शाम पौने 4 बजे के बीच हुई है। मृतक के सिर पर गहरी चोट का निशान है। आशंका है कि भारी वस्तु से सिर के पीछे तेज प्रहार किया गया है, जिससे मृत्यु हुई है। हत्यारों की तलाश जारी है।