विज्ञापन

Ghaziabad News : UP के गाजियाबाद शहर में मोहन नगर में स्थित हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की दीवार के पास सुरंग मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। गाजियाबाद पुलिस तथा वायुसेना ने हिंडन एयरबेस के निकट मिले सुरंग रूपी गड्डे के मामले को बेहद गंभीरता से लिया। इस मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस मामले की जांच के लिए IB तथा ATS की टीम को भी लगाया गया है।
आपको बता दें कि गाजियाबाद में मोहन नगर के पास देश का प्रसिद्ध एयरफोर्स स्टेशन है। यह भारत का ही नहीं बल्कि एशिया का सबसे बड़ा एयरबेस है। भारतीय वायुसेना को हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर हमेशा से ही गर्व रहा है। इसी एयरफोर्स स्टेशन के निकट ईरशाद कालोनी के नाम से एक बस्ती बसी हुई है। सोमवार की सुबह इरशाद बस्ती की तरफ हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की दीवार के पास सुरंगनुमा एक गड्डा नजर आया। आस-पास के नागरिकों ने इस बात की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। एयरफोर्स स्टेशन के पास सुरंग की सूचना से गाजियाबाद पुलिस तथा एयरफोर्स स्टेशन में हड़ंकप मच गया।
गाजियाबाद कमिश्नरी पुलिस के डीसीपी शुभम पटेल ने बताया कि गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस की सुरक्षा में सेंध लगाने की बड़ी कोशिश का मामला सामने आया है. इरशाद कॉलोनी क्षेत्र में एयरबेस की बाउंड्री वॉल के पास 4 फीट गहरी सुरंग देखी गई है। स्थानीय लोगों ने सुरंग देखी तो पुलिस को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही सबसे पहले भारतीय वायुसेना की शिकायत पर गाजियाबाद के टीला मोड़ पुलिस स्टेशन में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस सुरंग खोदे जाने की वारदात को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा।
जांच के लिए आईबी, यूपी एटीएस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल मिट्टी डालकर सुरंग को भर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय वायुसेना ने एयरबेस सुरक्षा अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. डीसीपी ट्रान्स हिन्डन शुभम पटेल ने बताया कि एयरबेस की बाउंडरी वॉल सुरक्षित है और उसमें कहीं भी तोडफ़ोड़ नहीं मिली। एयरबेस के पास गड्ढा किसने और किस मकसद से किया है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस मामले को लेकर वायुसेना भी सतर्क हो गयी है। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की इस घटना की सर्वत्र चर्चा हो रही है।
विज्ञापन