
Ghaziabad News : गाजियाबाद से इस समय बड़ी खबर आ रही है। दिल्ली एनसीआर की लाइफलाइन बन चुकी मेट्रो के ट्रेक पर चोरों ने बड़ी सेंध लगाते हुए लगभग 70 मीटर की सिग्नल केबल को चोरी कर लिया। जर्मनी मेड केबल चोरी होने के बाद डीएमआरसी की इंजीनियरों ने अस्थायी केबल लगाकर मेट्रो का संचालन शुरू कराया।
थाना कौशांबी में सहायक खंड अभियंता, संकेत वैशाली मेट्रो स्टेशन उमेश कुमार पंडित ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि बीते 18 जून की रात 1.45 बजे के आसपास कौशांबी मेट्रो स्टेशन के बीच अज्ञात चोरों ने एस बॉंड तथा एमपीईवी बॉंड की लगभग 70 मीटर केबल को काटकर चोरी कर लिया। वैशाली मेट्रो स्टेशन में आन ड्यूटी स्टेशन कंट्रोलर द्वारा रात में ही कौशांबी पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मेट्रो के इंजीनियरों ने अस्थायी केबल लगाकर मेट्रो का संचालन शुरू किया।
चोरों के कारनामे से हर कोई हैरान है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि वैशाली और कौशांबी मेट्रो स्टेशन के ट्रेक पर किस तरह चोरों ने चढ़कर विदेश में बनी कॉपर की सिग्नल केबल को काट लिया। वहीं बीस दिन बाद पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं।