
Ghaziabad News : एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक विनय कुमार सिंह ने दुहाई स्थित आरआरटीएस डिपो में स्थापित एक अत्याधुनिक सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन किया। यह नवीकरणीय ऊर्जा प्लांट के उदघाटन के बाद आज आरटीएस डिपो पूरी तरह से ग्रीन डिपो बन जाएगा।
अपको बता दें कि सोलर पावर प्लांट वर्कशॉप सहित डिपो की कई अन्य बिल्डिंग्स पर सौर पैनल इंस्टॉल किए गए हैं। इसके 25 वर्षों के अनुमानित जीवनकाल के दौरान यह अनुमान है कि यह सोलर पावर प्लांट प्रति वर्ष लगभग 6,66,000 यूनिट सौर ऊर्जा उत्पन्न करेगा। इस प्लांट से अनुमानित तौर पर सालाना 615 टन कार्बन उत्सर्जन कम होने की उम्मीद है, जिससे इसके कुल जीवनकाल में कार्बन उत्सर्जन में लगभग 15,375 टन की उल्लेखनीय कमी आएगी।
इस सोलर प्लांट द्वारा जिस मात्रा में सौर ऊर्जा उत्पादित होगी, वह न केवल डिपो की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरी तरह से पूरा करने में सक्षम होगी, बल्कि उसके बाद भी अतिरिक्त उपलब्ध होगी, जिसका उपयोग अन्य आरआरटीएस परिचालनों में भी किया जा सकेगा।
राष्ट्रीय सौर मिशन और स्वच्छ तथा हरित ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए एनसीआरटीसी ने मार्च 2021 में एक सोलर पॉलिसी अपनाई थी। इस पॉलिसी के अनुसार, एनसीआरटीसी अक्षय ऊर्जा में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए अगले पांच वर्षों में गैर-कर्षण प्रयोजनों के लिए स्टेशनों, डिपो और अन्य भवनों की छतों पर कम से कम लगभग 11 मेगावाट पीक इन-हाउस सोर ऊर्जा का उत्पादन करेगा।