Ghaziabad News : सुचेता कांपलेक्स में संचालित सूर्या बैंक्वेट सील
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 03:13 PM
Ghaziabad : गाजियाबाद। अंबेडकर रोड स्थित सुचेता कांपलेक्स में चल रहे विवाह मंडप सूर्या बैंक्वेट को कई गंभीर अनियमितताओं के चलते गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने आज सील कर दिया। बताया जाता है कि करीब 04 हजार वर्गमीटर का यह भूखंड लगभग चार दशक पूर्व मनोरंजन एवं व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन हेतु आवंटित किया गया था। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि भूखंड पर भू-उपयोग के विपरीत गतिविधियां चलने की शिकायतें रही थीं। उस वजह से उस भूमि के एक हिस्से पर चल रहे बैंक्वेट हॉल को आज सील कर दिया गया।
जीडीए प्रवर्तन विभाग प्रभारी जीपी द्विवेदी के अनुसार भूखंड पर भू-उपयोग के विपरीत चल रही गतिविधियों की शिकायत तीसरे पक्ष द्वारा मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाई गई थी, जिसके बाद आवंटी पक्ष को नोटिस भेजकर जवाब देने को कहा गया था। लेकिन, इस संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर न मिलने के कारण जीडीए के प्रवर्तन दल की ओर से सूर्या बैंक्वेट को सील करने की कार्रवाई की गई।
सूत्रों का कहना है कि इस भूखंड के आवंटन की जांच लंबे समय से लंबित है। लेकिन, मामला रसूखदार लोगों से जुड़ा होने की वजह से जांच आख्या हमेशा फाइलों में ही बंद होती रही है। विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि भूखंड की मूल पत्रावली भी जांच के लिए बरसों पहले सीबीआई के सुपुर्द की गई थी। इसके बाद इस प्रकरण में क्या हुआ? जीडीए में किसी को पता नहीं है। गौरतलब है कि इस भूखंड पर वर्तमान समय में विभिन्न तलों पर स्वतंत्र व्यवसायिक इकाइयां निर्मित हैं, जिसमें व्यावसायिक गतिविधियां वर्षों से संचालित हो रही हैं। इनके विरुद्ध कार्रवाई कब होगी? इस सवाल पर जीडीए अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। सीलबंदी की यह कार्रवाई इतने गुपचुप तरीके से की गई कि अड़ोस-पड़ोस में भी किसी को कानों कान खबर नहीं हुई। अलबत्ता भूखंड पर बनी शेष इकाइयां पर भी सीलबंदी का खतरा मंडरा रहा है।